लुधियाना| रुपयों की मांग को लेकर एक महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित रुपिंदर कौर निवासी गांव जंडियाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2017 में आरोपी नरेंद्र सिंह से हुई थी। शादी के समय आरोपी पति ने खुद को कनाडा में घर का मालिक बताया था। शादी के बाद जब वह कनाडा गई तो उसे पता चला कि वहां पति का कोई घर नहीं है। आरोप है कि आरोपी ने कनाडा में नया घर खरीदने के लिए उस पर डेढ़ लाख डॉलर देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब पीड़िता ने पैसे देने से मना किया तो अलग-अलग मौकों पर उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता का कहना है कि उसने इस दुर्व्यवहार की जानकारी अपने सास-ससुर को भी दी, लेकिन उन्होंने मदद करने के बजाय उल्टा उस पर ही दबाव बनाया। परेशान होकर वह भारत लौट आई और लुधियाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत की जांच के बाद थाना जमालपुर की पुलिस ने नरेंद्र सिंह, रुलदा सिंह, जसविंदर कौर और कुलविंदर कौर निवासी फतेहगढ़ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।


