होली के त्योहार के नजदीक आते ही एसजीएसटी की टीम भी सक्रिय हो गई है। इन दिनों शहर के बड़े मिठाई कारोबारी एसजीएसटी के निशाने पर हैं। बुधवार देर रात कल्याणपुर स्थित मधुरम स्वीट्स में एसजीएसटी की टीम ने छापेमारी की। अधिकारियों को शुरूआती जांच में कई तरह की अनिनिमितयाएं मिली हैं। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने रॉ मटेरियल और पक्के बिलों में अंतर पाया है। छापेमारी करीब तीन घंटे तक चली है। बिल से ज्यादा मिला कच्चा माल मधुरम स्वीट्स में एसजीएसटी के अधिकारियों के आते ही हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान ग्राहकों का आना जाना और खरीद फरोख्त चलती रही। एसजीएसटी के सूत्रों ने बताया कि दुकान पर उपलब्ध कच्चे माल की मात्रा बिलों में दर्शाई गयी खरीद से कहीं अधिक पायी गयी। वहीं, फर्म द्वारा दूसरी संबंधित इकाई को माल सप्लाई किये जाने की बात सामने आयी है, लेकिन मौके पर उस सप्लाई से जुड़े कोई वैध इनवॉइस अधिकारियों को नहीं मिलें। इलेक्ट्रानिक डाटा की हो रही जांच स्वीट हाउस में एसजीएसटी की टीम इलेक्ट्रॉनिक डाटा की गहन जांच कर रही है। कंप्यूटर, बिलिंग सॉफ्टवेयर और अन्य डिजिटल अभिलेख खंगाले जा रहे हैं जिससे वास्तविक लेनदेन का पता लगाया जा सके। अधिकारियों द्वारा स्टॉक का मिलान करने के लिए तैयार माल की भी गणना की जा रही है।


