कासगंज में अपमिश्रित डीजल पर कार्रवाई:1200 लीटर जब्त, दो आरोपियों पर FIR दर्ज

कासगंज में अपमिश्रित डीजल पर कार्रवाई:1200 लीटर जब्त, दो आरोपियों पर FIR दर्ज

कासगंज में अपमिश्रित डीजल की अवैध बिक्री के खिलाफ बुधवार को आपूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 1200 लीटर अपमिश्रित डीजल जब्त किया गया और दो आरोपियों के खिलाफ कोतवाली सोरों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार को सोरो सहावर मार्ग पर स्थित एक दुकान पर टैंकर से अपमिश्रित डीजल की सप्लाई किए जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पूर्ति निरीक्षक कृष्ण गोपाल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। जांच के दौरान डीजल में मिलावट की पुष्टि हुई, जिसके बाद टीम ने लगभग 1200 लीटर अपमिश्रित डीजल को कब्जे में ले लिया। टीम ने 13 ड्रम और एक मशीन भी जब्त की है। जांच में पाया गया कि जब्त किए गए डीजल की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं थी। आशंका है कि इसमें अवैध रूप से अन्य पदार्थ मिलाकर बेचा जा रहा था, जिससे वाहन चालकों को आर्थिक नुकसान और वाहनों के इंजन को क्षति पहुंच सकती थी। पूर्ति निरीक्षक ने इस मामले में रौकी निवासी अलगोजी नगला हाथरस और दुकान स्वामी अशोक कुमार निवासी आवास विकास कॉलोनी कासगंज के खिलाफ सोरोंजी थाने में तहरीर दी। इसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में मिलावटी पेट्रोल-डीजल की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिष्ठानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और शिकायत मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *