दिल्ली के प्रेमचंद पार्क इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी दो महीने की प्रेग्नेंट पत्नी और तीन मासूम बेटियों की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे व्यक्ति के मन में बेटे की चाहत हो सकती है। घटना के बाद से पति फरार है। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह प्रेम चंद पार्क इलाके स्थित घर के आसपास रहने वाले लोगों ने भयावह दृश्य देखा। घर के अंदर 27 साल की अनीता और उसकी तीन, चार और पांच साल की बेटियां खून से लथपथ पड़ी थीं। महिला-बच्चियों की श्वास नली भी कट गई थीं चारों पीड़ितों का गला धारदार हथियार से काटा गया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमला इतना जोर से किया गया था कि उनकी श्वास नली भी कट गई थीं। पुलिस ने घटनास्थल को बहुत क्रूर बताया। घटना के बाद से आरोपी पति मुंचुन केवट लापता है। पुलिस उसे संदिग्ध मानकर चल रही है। पुलिस ने कहा कि जांचकर्ता अवैध संबंध सहित सभी संभावित पहलुओं की भी जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि हत्या का कारण बेटे का न होना हो सकता है। आरोपी ने पत्नी और बच्चियों को शराब पिलाकर हमला किया पुलिस ने बताया कि उन्हें बुधवार सुबह 8:07 बजे पीसीआर कॉल से हत्या की जानकारी मिली थी। शवों को देखकर लग रहा है कि केवट ने अपनी पत्नी और बेटियों को शराब पिलाकर उन पर हमला किया। मंगलवार रात करीब 9 बजे पति-पत्नी के बीच विवाद भी हुआ था। इधर, रूबी नाम की एक रिश्तेदार ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि केवट और उसकी पत्नी मूल रूप से बिहार के पटना जिले के रहने वाले थे। परिवार पिछले दो सालों से दिल्ली में रह रहा था और पति-पत्नी के बीच आमतौर पर झगड़े नहीं होते थे। पुलिस ने बताया कि केवट आजादपुर मंडी में सब्जी बेचता था। घटना के बाद मौके पर पहुंची क्राइम और फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीमों ने सबूत जुटाए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी केवट को ढूंढने और गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
दिल्ली में प्रेग्नेंट पत्नी, तीन बेटियों का गला काटा:बच्चियों की उम्र 3, 4 और 5 साल; पति फरार, बेटे की चाहत में हत्या की आशंका


