अंडरवियर लाने की ड्यूटी लगाने वाले GM-DGM पर कार्रवाई, संगम स्नान के लिए बना था शाही प्रोटोकॉल

अंडरवियर लाने की ड्यूटी लगाने वाले GM-DGM पर कार्रवाई, संगम स्नान के लिए बना था शाही प्रोटोकॉल

प्रयागराज : प्रयागराज में अंडरवियर लाने की ड्यूटी लगाने वाले GM-DGM पर केंद्रीय मंत्रालय ने कार्रवाई की है। यह मामला दिल्ली तक पहुंच गया। यूपी में सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL के डायरेक्टर विवेक बंजल के प्रयागराज दौरे के लिए शाही प्रोटोकॉल जारी हुआ था।

डायरेक्टर विवेक बंजल प्रयागराज में संगम स्नान के लिए जाने वाले थे। इस दौरान उनके लिए शाही इंतजाम किए जा रहे थे। 50 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इस प्रोग्राम में उनके नहाने से लेकर अंडरवियर, तेल, साबुन, कंघी और खाने-पीने के लिए मिनट-टू-मिनट प्रोग्राम तय था। यह सब कुछ सरकारी खर्चे पर किया जा रहा था। प्रोटोकॉल की कॉपी लीक हुई तो जमकर सरकार की फजीहत हुई। प्रोग्राम लीक होने के बाद डायरेक्टर विवेक बंजल ने अपना दौरा रद्द कर दिया।

प्रयागराज बिजनेस एरिया के GM बृजेंद्र कुमार सिंह और DGM जागेश्वर वर्मा का ट्रांसफर कर दिया गया है। बृजेंद्र सिंह को आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम और जागेश्वर वर्मा को नेटवर्क ट्रांसमिशन नॉर्थ यूनिट में भेजा गया है। इसका ऑफिस दिल्ली में है।

18 फरवरी को जारी हुआ था प्रोटोकॉल

यह प्रोटोकॉल 18 फरवरी को जारी हुआ था। इस आदेश पर GM बृजेंद्र कुमार सिंह और DGM जागेश्वर वर्मा के साइन थे। सूत्रों के मुताबिक प्रोटोकॉल में जिस तरह से अफसरों की ड्यूटी लगाई गई, उसे निंदनीय और आपत्तिजनक माना गया है। इस मामले को आसानी से नहीं छोड़ा जाएगा। बंजल समेत अन्य अफसरों पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है।

जानें क्या बोले ज्योतिरादित्य सिंधिया

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस मामले में संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि, ‘विवेक बंजल को सात दिन का कारण बताओ नोटिस भेजा गया। उन्हें सात दिन में मामले में जवाब देना होगा। इस तरह के मामले बेहद चिंताजनक हैं। मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी।’

मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, मैंने यह स्पष्ट कर दिया है कि यह अनुचित है और स्थापित नियमों एवं परंपराओं का उल्लंघन है। यह मुझे बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। यह चौंकाने वाला है। डायरेक्टर को जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। जवाब मिलने पर जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *