mp news: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में एक महिला की दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में किडनैपिंग का मामला सामने आया है। महिला अपने दोनों बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए गई थी। बताया जा रहा कि महिला का अपहरण किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही पति ने किया है। पति समेत अन्य लोग कार से आए और महिला को जबरदस्ती कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। महिला की किडनैपिंग की खबर लगते ही पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही महिला का अपहरण
डबरा के देहात थाना क्षेत्र में एक महिला के दिनदहाड़े अपहरण की घटना से हड़कंप मच गया। महिला का नाम प्रीति परिहार है। बताया जा रहा है कि प्रीति अपने दोनों बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए गई थी इसी दौरान कार से आए लोग उसे जबरदस्ती कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। प्रीति पति से चल रहे विवाद के कारण करीब 9 महीनों से अपने मायके में ही बच्चों के साथ रह रही थी। घटना के बाद प्रीति के माता-पिता दोनों देहात थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जगह-जगह हाईवे समेत अन्य स्थानों पर नाकाबंदी की है। महिला को सुरक्षित लाने की कोशिश की जा रही है।
12 साल पहले हुई थी शादी
परिजन के मुताबिक प्रीति की शादी 12 साल पहले घाटीगांव निवासी भरत के साथ हुई थी। शादी के बाद से लगातार विवाद के कारण प्रीति पति से अलग डबरा में अपने मायके में माता-पिता के घर पर अपने बच्चों के साथ रह रही थी। बुधवार सुबह वो नीले रंग का सूट पहनकर दोनों बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए गई थी। परिजन ने ये भी बताया कि प्रीति ने पति के डर से पहले भी देहात थाना पुलिस में आवेदन दिए थे। परिजन का आरोप है कि पति भरत ही अपने साथियों के साथ मिलकर प्रीति का अपहरण कर ले गया है


