कार निकालने पर बहस, बदमाशों ने ‘थार’ तोड़ी, चलाई गोलियां:बदमाशों की बहन के घर से मिला हथियारों का जखीरा, 3 राइफल, दो पिस्टल, कट्‌टा, 100 कारतूस बरामद

कार निकालने पर बहस, बदमाशों ने ‘थार’ तोड़ी, चलाई गोलियां:बदमाशों की बहन के घर से मिला हथियारों का जखीरा, 3 राइफल, दो पिस्टल, कट्‌टा, 100 कारतूस बरामद

ग्वालियर में कार के सामने से सीढ़ी हटाने का कहने पर बबाल खड़ा हो गया है। बदमाशों ने कार सवार महिला को खींचने का प्रयास किया। किसी तरह महिला ने खुद को बचाया और अपने घर पहुंची तो चार से पांच बदमाश वहां पहुंच गए और जमकर उत्पात मचाया। महिला, उसकी बेटियों व रिश्तेदारों को खींचकर पीटा। इतना ही नहीं, घर के बाहर खड़ी महिला की ‘थार’ कार में तोड़फोड़ भी की। आखिर में बदमाश बंटी यादव ने पिस्टल निकालकर हवाई फायर किए। घटना सिरोल स्थित मॉडल टाउन में मंगलवार शाम की है, जो पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने बदमाश बंटी यादव की तलाश में उसकी बहन के यहां दबिश दी तो वहां हथियारों का जखीरा (3 राइफल, 2 पिस्टल, 1 कट्‌टा, 9 मैग्जीन, 100 से ज्यादा जिंदा कारतूस( मिला है। सभी हथियार अवैध हैं। पुलिस ने बदमाश के बहन-बहनोई को हिरासत में लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
मॉडल टाउन निवासी अनु शर्मा पत्नी स्व. पवन शर्मा का लेजर ट्रीटमेंट बॉडी सॉल्यूशन का काम है। मंगलवार शाम 6:30 बजे अनु अपनी थार से घर लौट रही थीं। रास्ते में बंटी यादव का घर पड़ता है वहां सड़क पर सीढ़ी खड़ी थी। जब अनु ने सीढ़ी हटाने के लिए कहा तो बंटी यादव ने उससे गाली गलौज शुरू कर दी। साथ ही मारने का प्रयास किया। जिस पर अनु साइड से अपनी कार निकालकर घर चली गई। घर पर मेहमान संस्कार शर्मा व विकास यादव बैठे हुए थे। इसी समय बदमाश बंटी यादव, उसके बेटे अंशुल यादव, दम्मो यादव व सूर्या यादव लाठी-डंडे लेकर आए और हमला कर दिया। उनके मेहमानों संस्कार व विकास से मारपीट की। अनु शर्मा व उनकी बेटियों को बाहर खींचकर मारने का प्रयास किया। बदमाशों ने बाहर रखी अनु शर्मा की थार कार में तोड़फोड़ कर दी। आखिर में दहशत फैलाने के लिए बंटी यादव ने कट्‌टे से गोलियां चला दीं। अवैध हथियारों का जखीरा मिला
वारदात के बाद पुलिस ने बदमाश बंटी यादव व उसके बेटों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन वह कहीं नहीं मिले। पुलिस को पता लगा कि बंटी यादव हुरावली में अपनी बहन सपना यादव पत्नी मनीष यादव के घर में छुपा हुआ है। जब पुलिस यहां पहुंची तो बंटी व उसके लड़के तो नहीं मिले, लेकिन घर की तलाश में अवैध हथियारों का जखीरा मिला है। हथियार बंटी यादव व उसके बेटों के बताए गए हैं। पुलिस ने सभी अवैध हथियार जब्त कर बंटी की बहन सपना व बहनोई मनीष यादव को हिरासत में ले लिया है।
क्या-क्या मिला
बदमाश के बहन-बहनोई के घर से पुलिस को 315 बोर की तीन राइफल, 32 बोर की दो पिस्टल, 315 बोर का एक कट्‌टा, 315 बोर के 52 जिंदा कारतूस, 32 बोर के 17 जिंदा कारतूस, 306 बोर के छह कारतूस, 22 गोलियां अलग-अलग बोर की मिली हैं। कुल 9 मैग्जीन मिली हैं। जब इन हथियारों के बारे में सपना यादव व मनीष यादव से पूछा गया तो उनका कहना था कि यह पूरा माल बंटी यादव व उसके बेटे का है। अब पुलिस बंटी की तलाश कर रही है, जिससे पता चल सके कि यह हथियार आखिरकार आए कहां से हैं।
पुलिस का कहना है
सिरोल थाना पुलिस का कहना है कि मारपीट व हवाई फायरिंग के विवाद में बदमाशों की तलाश की जा रही है। जब हमलावर की बहन के यहां दबिश दी तो वहां से हथियारों का जखीरा मिला है। जिस पर बदमाश की बहन ने बताया है कि यह पूरे हथियार बंटी यादव के हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *