स्टेट ऑफ द यूनियन (State Of The Union) संबोधन से ठीक पहले जारी एक नए सर्वे में अमेरिका (United States Of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की प्राथमिकताओं और नीतियों को लेकर अमेरिकी जनता में असंतोष सामने आया है। हाल ही में अमेरिकी मीडिया हाउस के पोलिंग फर्म द्वारा किए गए सर्वे के अनुसार उनकी अप्रूवल रेटिंग काफी कम हो गई है। ट्रंप के दूसरे कार्यकाल को एक साल पूरा हो चुका है और सिर्फ 32% अमेरिकियों को लगता है कि ट्रंप की प्राथमिकताएं सही हैं।
न्यूनतम स्तर पर पहुंची ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग
सभी वयस्कों में ट्रंप की जॉब अप्रूवल रेटिंग 36% दर्ज की गई, जबकि 61% उत्तरदाताओं ने कहा कि उनकी नीतियाँ देश को गलत दिशा में ले जा रही हैं। निर्दलीय मतदाताओं के बीच अनुमोदन घटकर 26% पर आ गया, जो सर्वे में अब तक का न्यूनतम स्तर है। लैटिन अमेरिकियों में 19 अंकों और 45 वर्ष से कम उम्र वालों में 18 अंकों की गिरावट दर्ज हुई है।
अर्थव्यवस्था और महंगाई पर बोलने की मांग
सर्वे में शामिल लोगों ने कहा कि स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण में ट्रंप को सबसे ज़्यादा अमेरिका की अर्थव्यवस्था और देश में बढ़ रही महंगाई पर ध्यान देना चाहिए। यह मुद्दा अन्य सभी विषयों से कहीं आगे रहा और लोगों ने अमेरिकी राष्ट्रपति से इसी पर फोकस करने की मांग की। व्हाइट हाउस (White House) की तरफ से संकेत दिया गया है कि संबोधन में अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ और अफोर्डेबिलिटी संबंधी चिंताओं पर भी फोकस रहेगा।


