Dausa: हवामहल से ताजमहल तक का मार्ग 540 दिन में होगा सुगम, यहां बनेंगे 5 फ्लाईओवर, जानें पूरा डवलपमेंट मैप

Dausa: हवामहल से ताजमहल तक का मार्ग 540 दिन में होगा सुगम, यहां बनेंगे 5 फ्लाईओवर, जानें पूरा डवलपमेंट मैप

NHAI Rajasthan project: देश के दो प्रमुख स्थानों जयपुर के हवामहल और आगरा के ताजमहल के बीच का मार्ग अब सुगम होगा। जयपुर व आगरा के बीच जितने भी चौराहे व जाम वाले स्थान हैं वहां सभी जगह फ़्लाईओवर बनाए जाएंगे। कुछ फ्लाईओवर की मंजूरी मिल गई है जबकि कुछ की शेष है। पूरी मंजूरी मिलने के बाद जयपुर से आगरा तक के सफर में लगने वाला समय बचेगा।

निर्माण की समय सीमा तय

राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर दौसा जिले में महुआ से जीरोता के बीच फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। कईयों का कार्य धरातल पर शुरू हो गया है। संभावना है कि अगले वर्ष 2027 तक जयपुर से महुवा के बीच का कार्य पूरा हो जाएगा। निर्माण एजेंसी को 540 दिन की समय-सीमा दी गई है।

जीरोता कट से निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। पुलिस लाइन, मानपुर चौराहा और बालाजी मोड़ पर भी शीघ्र काम शुरू होने की तैयारी है। एजेंसी ने सर्वे और प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी कर सर्विस रोड के लिए भूमि समतलीकरण शुरू कर दिया है। इनके अलावा जयपुर जिले में बांसखो फाटक, बस्सी चक व कानोता में भी फ्लाइओवर बनाए जाएंगे। इसके अलावा महुवा से आगरा के बीच भी फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। सबसे ज्यादा जरूरत सिकंदरा चौराहे व दौसा कलक्ट्रेट पर है। सबसे ज्यादा जाम यहीं पर लगता है।

इन प्रमुख स्थानों पर बनेंगे ओवरब्रिज

  • बालाजी मोड़: 870 मीटर
  • मानपुर चौराहा: 860 मीटर
  • दौसा बायपास से कलेक्ट्रेट चौराहा:1760 मीटर
  • जीरोता कट: 1190 मीटर
  • पुलिस लाइन: 1200 मीटर

सर्विस रोड होगी सीसी

प्रत्येक ओवरब्रिज के दोनों ओर सीसी सर्विस रोड बनाई जाएगी, जिससे स्थानीय यातायात को सुरक्षित विकल्प मिलेगा । आने-जाने वालों को भी राहत मिलेगी। राजस्थान सरकार ने बजट (2025-26) में सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जयपुर से दौसा के बीच एनएच-21 को जीरो एक्सीडेंट जोन बनाने की घोषणा की थी। इस योजना के तहत अब यहां हाई-टेक ट्रैफिक सिस्टम और अन्य सुदृढ़ीकरण कार्यों के जरिए हादसों को रोकने का प्रयास किया जाएगा।
इनका कहना है

जिम्मेदार ये बोले…

जयपुर से आगरा के बीच जितने भी जाम वाले स्थान वहां सभी जगह फ़्लाईओवर बनाए जाएंगे। कुछ जगह काम शुरू हो गया है। महुवा से जयपुर के अलावा महुवा से आगरा के बीच भी अनेक फ्लाईओवर की मंजूरी मिल चुकी। कुछ की मिलना शेष है।
भरत सिंह जोइया, पीडी, एनएचएआइ, दौसा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *