दतिया । आदिम जाति कल्याण विभाग में पदस्थ एक कर्मचारी पर भृत्य पद पर फर्जी तरीके से नौकरी पाने का आरोप लगा है। आरटीआई एक्टिविस्ट एडवोकेट शंभु गोस्वामी ने जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े को आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में 9 जनवरी को विभाग में पदस्थ भृत्य विमलेश श्रीवास्तव और सत्यनारायण सक्सेना के प्रथम नियुक्ति आदेश, नियुक्ति के समय लगाए गए प्रपत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच की मांग की गई। गोस्वामी ने आरटीआई के तहत नोटशीट और ऑर्डरशीट की प्रतियां भी मांगी थीं। जिला संयोजक ने इसे व्यक्तिगत सेवा अभिलेख बताकर जानकारी देने से इनकार कर दिया। गोस्वामी ने कहा कि राज्य सूचना आयुक्त राहुल सिंह के आदेशों में ऐसी जानकारी रोकने का उल्लेख नहीं है। कलेक्टर ने मामले पर संज्ञान लेते हुए जिला संयोजक को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।


