India road to Semi-finals: आइसीसी टी20 विश्व कप 2026 सुपर 8 (ICC T20 World Cup 2026 Super 8) के अपने पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों के बड़े अंतर से हार के बाद टीम इंडिया का सेमीफाइनल का सफर मुश्किल नजर आ रहा है। सुपर-8 के ग्रुप-1 में भारत फिल्हाल 0 अंक और -3.800 के नेट रन रेट के साथ तीसरे पायदान पर है। स्तिथि कुछ ऐसी है कि मेजबान टीम के लिए आगे की राह सिर्फ अपने प्रदर्शन पर नहीं, बल्कि अन्य टीमों के मैच के नतीजों पर भी निर्भर करेगी।
वेस्टइंडीज बनाम दक्षिण अफ्रीका
26 फरवरी को अहमदाबाद में वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले मुकाबले पर भारतीय टीम की नजर होगी, क्योंकि यही मैच फैसला करेगा कि भारत सेमिफाइनल खेलेगा या नहीं। भारत के लिए सबसे आसान रास्ता ये है कि दक्षिण अफ्रीका अपने बाकी दोनों मैच जीते। अगर प्रोटिआज छह अंकों के साथ शीर्ष पर रहते हैं, तो दूसरे स्थान के लिए सीधा मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच होगा। लेकिन अगर वेस्टइंडीज इस मैच में दक्षिण अफ्रीका को हरा देती है, तो तीन टीमें चार-चार अंकों पर आ सकती हैं, और तब बात नेट रन रेट पर आकर फंसेगी जिसमें भारत फिलहाल सबसे पीछे है।
दक्षिण अफ्रीका बनाम जिम्बाब्वे
1 मार्च को दिल्ली में खेला जाने वाला दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे का मैच भी भारत के समीकरणों को प्रभावित करेगा। दक्षिण अफ्रीका की जीत से भारत का रास्ता आसान होगा, ऐसा होने के आसार भी ज्यादा है। लेकिन अगर जिम्बाब्वे कोई उलटफेर कर दिखाए, तब भी तीन टीमों के 4 अंक होंगे और फैसला फिर नेट रन रेट से होगा। इस संभावना को भी नकारा नहीं जा सकता, बड़ी टीमों को हराकर क्रिकेट जगत को चौंकाने की क्षमता जिम्बाब्वे ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया को हराकर दिखा चुका है।
भारत के अपने मैच: दोहरी चुनौती
26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे और 1 मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ, टूर्नामेंट में बने रहने के लिए भारत को दोनों मैच जीतना जरूरी है। जिम्बाब्वे कागज पर कमजोर दिखती है, लेकिन नतीजा तो मैच के बाद ही आएगा। असली परीक्षा वेस्टइंडीज के खिलाफ होगी, जो पिछले मुकाबले में 254 रनों का पहाड़ खड़ा कर जिम्बाब्वे को 107 रनों से रौंदते हुए आ रही है। उनका नेट रन रेट +5.350 है, जो बेहद शानदार है और टीम जबरदस्त लय में भी है। भारत के लिए दोनों मुकाबलों में सिर्फ जीत नहीं, बड़े अंतर से जीत जरूरी है, वरना नेट रन रेट का गणित सेमिफाइनल से पहले ही वापसी का टिकट पक्का कर सकता है।


