लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इमार गोमती ग्रीन सोसाइटी में मंगलवार को निवासियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन क्लब हाउस को अवैध तरीके से बेचे जाने के विरोध में किया गया। बड़ी संख्या में निवासियों ने क्लब परिसर के बाहर इकट्ठा होकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। निवासियों का आरोप है कि इमार इंडिया ने उनकी सुविधा के लिए बनाए गए क्लब हाउस को मनमाने ढंग से एक बाहरी एजेंसी को बेच दिया है। उनका कहना है कि अब इस परिसर में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे सोसाइटी की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। निवासियों ने यह भी बताया कि देर रात तक चलने वाले कार्यक्रमों से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और लोगों को परेशानी हो रही है। बुनियादी समस्याओं को उठाया प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर क्लब और इमार इंडिया के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने क्लब हाउस के मुद्दे के साथ-साथ बिजली, पानी और सीवर जैसी बुनियादी समस्याओं को भी उठाया। निवासियों का कहना है कि वे इन रोजमर्रा की परेशानियों से जूझ रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। निवासियों ने सरकार और लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) को चेतावनी दी है कि यदि क्लब हाउस को दोबारा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन को नहीं सौंपा गया और उनकी बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे जल्द ही एक बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। ये लोग शामिल हुए इस प्रदर्शन में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राज किशोर राकेश सहित श्वेता श्रीवास्तव, पूजा अहमद, नीलम पांडेय, भारती बर्नवाल, तारा सिंह, श्वेता गौतम, अनीता मौर्य, पारुल जायसवाल, साधना चौधरी, ज्ञानेश्वर पांडेय, कैप्टन जनैद, कर्नल सीमांत, विजय गुप्ता, सुधा चक, विवेक, संतोष यादव, उज्ज्वल त्रिपाठी, राजीव सिंह और एसडी मौर्य सहित बड़ी संख्या में अन्य निवासी मौजूद रहे।


