मथुरा में होली-जुलूसों पर पीस कमेटी बैठक:प्रशासन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर

मथुरा में होली-जुलूसों पर पीस कमेटी बैठक:प्रशासन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर

मथुरा में आगामी होली पर्व, रमजान और विभिन्न जुलूसों के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए मंगलवार को थाना कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा और सीओ सिटी आईपीएस आशना चौधरी ने संयुक्त रूप से की। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु, व्यापार मंडल प्रतिनिधि और समिति सदस्य शामिल हुए। उन्होंने अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। प्रशासन ने बैठक में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता बताया। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि त्योहार से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि नागरिकों को कोई असुविधा न हो।
जुलूसों के दौरान यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों ने होली पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने, हुड़दंग करने या कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए डीजे और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर नियमानुसार प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीओ सिटी आशना चौधरी ने नागरिकों से शांतिपूर्वक त्योहार मनाने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस-प्रशासन त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *