बदायूं में 100 किलो लहन नष्ट, 10 लीटर शराब जब्त:आबकारी टीम ने होली से पहले चलाया विशेष अभियान

बदायूं में होली के त्योहार के मद्देनजर आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। सोमवार को सहसवान तहसील क्षेत्र में व्यापक चेकिंग की गई। उप आबकारी आयुक्त बरेली प्रभार के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में एसडीएम सहसवान साईं आश्रित साकमूरी और आबकारी निरीक्षक परमहंस कुमार ने अधीनस्थ स्टाफ के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। टीम ने शाहबाजपुर, सहसवान बाईपास और स्टेट बैंक स्थित देशी व कंपोजिट शराब की दुकानों का गहनता से निरीक्षण किया। सहसवान बाईपास स्थित एक दुकान पर साफ-सफाई में कमी पाई गई, जिस पर अनुज्ञापी को सख्त निर्देश दिए गए। हालांकि, इस दौरान कोई गंभीर अनियमितता सामने नहीं आई। इसके उपरांत, आबकारी टीम ने खिरकवाड़ी, रज्जू नगला और नगला भगत सहित कई संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 100 किलोग्राम लहन मौके पर ही नष्ट किया गया। साथ ही, 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर एक अभियोग पंजीकृत किया गया। टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर संचालित ढाबों की भी सघन तलाशी ली। ढाबा संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि वे किसी भी स्थिति में ढाबे पर मदिरा पान न कराएं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान होली तक लगातार जारी रहेगा और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *