T20 वर्ल्डकप इतिहास की कहानी बदलना चाहेगी पाकिस्तान की टीम, इंग्लैंड को नहीं हरा पाई आज तक

T20 वर्ल्डकप इतिहास की कहानी बदलना चाहेगी पाकिस्तान की टीम, इंग्लैंड को नहीं हरा पाई आज तक

Pakistan vs England: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के 45वें मुकाबले में आज इंग्लैंड का सामना पाकिस्तान से होगा। सलमान आगा एंड कंपनी को इस मैच में हर हाल में जीत हासिल करनी होगी। 

PAK vs ENG Head to Head in T20 World Cup: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में पाकिस्तान का सामना इंग्लैंड से होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से पल्लेकल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में पाकिस्तान को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी, क्योंकि पाकिस्तान का पहला मुकाबला न्यूजीलैंड के साथ कोलंबो में खेला जाना था, लेकिन बारिश की वजह से वह मैच रद्द हो गया था।

3 मैच और तीनों में मिली पाक को हार

अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को इस मुकाबले में किसी भी हाल में जीत हासिल करनी होगी, ताकि उनकी अंतिम चार में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार रह सकें। हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। दोनों टीमें पहली बार 2009 टी20 वर्ल्ड कप में आमने-सामने हुई थीं, जहां पाकिस्तान ने श्रीलंका को फाइनल में हराकर खिताब जीता था, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2010 टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें फिर आमने-सामने आईं, जहां इंग्लैंड ने पाकिस्तान को मात दी और आगे चलकर खिताब जीता।

इसके बाद दोनों टीमें 2022 टी20 वर्ल्ड कप के खिताबी मुकाबले में आमने-सामने हुईं। इस बार भी इंग्लैंड का जीत का सिलसिला जारी रहा और उन्होंने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर अपना दूसरा खिताब जीत लिया। अगर पाकिस्तान की टीम आज इंग्लैंड को हरा देती है, तो न सिर्फ उनकी सेमीफाइनल की उम्मीदें बनी रहेंगी, बल्कि वह इंग्लैंड को पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में हराने में भी कामयाब हो जाएगी। आपको बता दें कि इस मुकाबले को भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क्स पर लाइव देखा जा सकता है। इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोस्टार पर उपलब्ध होगी।

पहले राउंड में प्रदर्शन

टी20 वर्ल्डकप 2026 के पहले दौर में पाकिस्तान की टीम भारत के साथ ग्रुप A में थी, जहां उसने 3 मैच जीते और एक में उसे हार मिली। दूसरी ओर इंग्लैंड की टीम ग्रुप C में वेस्टइंडीज के साथ थी। इंग्लैंड ने भी 3 मैच जीते और सुपर 8 में जगह बनाई। सुपर 8 में उसने पहले ही मुकाबले में श्रीलंका को मात दी तो पाकिस्तान का मुकाबला न्यूजीलैंड के साथ रद्द हो गया।

टी20 वर्ल्डकप 2026 के लिए पाकिस्तान

साहिबज़ादा फरहान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आज़म, फखर ज़मान, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज़, फहीम अशरफ़, सलमान मिर्ज़ा, उस्मान तारिक, शाहीन अफ़रीदी, अबरार अहमद, नसीम शाह और ख्वाजा नफ़े।

टी20 वर्ल्डकप 2026 के लिए इंग्लैंड

फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जेमी ओवरटन, जोफ़्रा आर्चर, आदिल राशिद, बेन डकेट, ल्यूक वुड, जोश टंग और रेहान अहमद

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *