बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह मंगलवार को गोरखपुर में एक स्कूल का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव के 100 विधायकों वाले बयान को हंसी मजाक बताया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव हंसी मजाक कर रहे थे। हंसी मजाक का हक सभी को है। उन्होंने भी किया। राजनीतिक व्यक्ति भी बैठते तो हंसी मजाक करते हैं। 100 विधायक लेकर कौन जा रहा है, कहां जा रहा है। ऐसे बयान वो पहले भी दे चुके हैं। इससे राजनीति पर फर्क नहीं पड़ता। स्कूल का उद्घाटन करने पहुंचे
मंगलवार करीब 12 बजे कुसम्ही के चंगही गांव में स्कूल के पास बने हेलीपैड पर बृजभूषण शरण सिंह का हेलीकॉप्टर उतरा। जिसके बाद उन्होंने फीता काटते हुए एसबी एकेडमी स्कूल का औपचारिक उद्घाटन किया। बच्चों के सामने एग्जांपल सेट करें पेरेंट्स
अपने भाषण के दौरान पूर्व सांसद ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के आज जितने संसाधन उपलब्ध हैं उनके समय में नहीं थे। उन्होंने एक कहानी सुनाते हुए कहा कि बच्चों के बिगड़ने के लिए भी मां बाप पूरी तरह जिम्मेदार होते हैं। बच्चे जो देखते हैं वही सीखते हैं। इसलिए सभी अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों के सामने अच्छा उदाहरण पेश करें ताकि वे भी कुछ अच्छा सीख सकें। कार्यक्रम के दौरान एसबी एकेडमी नंदानगर शाखा के बच्चों ने कई रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान मुख्य रूप से स्कूल प्रबंधन के शशांक शेखर सिंह, नंदानगर शाखा की प्रिंसिपल नयनिका सिंह, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश वरिष्ठ महामंत्री अश्वनी कुमार सिंह लालू, प्रदेश मीडिया प्रभारी संजय सिंह, जिला वरिष्ठ महामंत्री राजकुमार सिंह, जिला संगठन मंत्री प्रवीण सिंह, मंडल उपाध्यक्ष मानवेंद्र प्रताप सिंह, जिला मंत्री युवा सुमित सिंह श्रीनेत, संगठन मंत्री युवा सावन शाही, स्वयं शाही, रवि, आजाद सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।


