मध्य प्रदेश विधानसभा में बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने भोपाल से भुसावल के बीच नई ट्रेन या मेमू रेल सेवा शुरू करने का अशासकीय संकल्प प्रस्तुत किया। मंगलवार को विधानसभा सत्र के दौरान प्रस्तुत इस प्रस्ताव को सदन ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया। अब इसे रेल मंत्रालय, भारत सरकार को भेजा जाएगा, जिससे लाखों यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है। विधायक अर्चना चिटनिस ने संकल्प प्रस्तुत करते हुए बताया कि भोपाल और भुसावल के बीच कई लंबी दूरी की ट्रेनें चलती हैं। हालांकि, सामान्य श्रेणी के डिब्बों की कमी और बिना आरक्षण यात्रा की कठिनाइयों के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी होती है। भोपाल, बुरहानपुर, हरदा, खंडवा, टिमरनी, खिरकिया और इटारसी जैसे शहरों के यात्रियों के लिए यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भोपाल प्रदेश की राजधानी है, इसलिए शिक्षा, चिकित्सा और प्रशासनिक कार्यों के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। पूर्व में वर्ष 1975 से 1980 के बीच इस मार्ग पर एक ट्रेन संचालित थी, जिसे यात्रियों की कमी के कारण बंद कर दिया गया था। लेकिन, वर्तमान में यात्रियों की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है, जिससे नई रेल सेवा की आवश्यकता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि यदि नई ट्रेन स्वीकृत करना संभव न हो, तो वर्तमान में संचालित ट्रेन संख्या 11115 और 11116 को भोपाल तक बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन इटारसी पहुंचने के बाद लगभग 17 घंटे तक यार्ड में खड़ी रहती है। इस अवधि में यह भोपाल जाकर वापस इटारसी लौट सकती है। अर्चना चिटनिस ने यह भी बताया कि वर्तमान में खंडवा से बुरहानपुर के लिए रात 1 बजे एक ट्रेन चलती है, जिसमें यात्रियों की संख्या कम रहती है। यदि इस ट्रेन को भोपाल तक बढ़ाकर पलटकर चलाया जाए, तो सुबह 5 बजे खंडवा से ट्रेन उपलब्ध हो सकेगी, जिससे आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। ग्रामीण अंचल और व्यापारियों को होगा फायदा विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि इस रेल सेवा से मार्ग के छोटे-छोटे ग्रामीण स्टेशनों को भी सीधा लाभ मिलेगा, जिससे किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों का आवागमन सरल होगा। बुरहानपुर, भुसावल और भोपाल के बीच बेहतर रेल संपर्क स्थापित होने से क्षेत्र के आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। सरकार की ओर से पूर्ण समर्थन
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि विधायक अर्चना चिटनिस द्वारा पर्याप्त अध्ययन और जनहित को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण विषय सदन के समक्ष रखा गया है जिससे पूरे क्षेत्र को निश्चित रूप से लाभ होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से इस प्रस्ताव को विधि अनुसार केन्द्र सरकार को भेजा जाएगा। संकल्प सर्वसम्मति से पारित
सभापति ने घोषणा की कि यह सदन केन्द्र शासन से अनुरोध करता है कि भोपाल से भुसावल के मध्य नई ट्रेन अथवा मेमू रेल सेवा प्रारंभ की जाए। इसके साथ ही यह संकल्प सर्वसम्मति से स्वीकृत हुआ।


