रतलाम की बेटी रिदमा काकानी (34) ने ‘मिसेज सेंट्रल इंडिया 2026’ का खिताब जीतकर शहर का नाम रोशन किया है। भोपाल में आयोजित मिस एंड मिसेज सेंट्रल इंडिया सीजन 3 के ग्रैंड फिनाले में रिदमा ने सिल्वर कैटेगरी में यह ताज अपने नाम किया है। पुणे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत रिदमा खिताब जीतने के बाद मंगलवार को अपने गृहनगर रतलाम लौटीं, जहां उन्होंने अपनी इस उपलब्धि को महिला सशक्तिकरण का एक अहम हिस्सा बताया है। शहर की गुलमोहर कॉलोनी में रहने वाले दिनेश और ललिता काकानी की 34 वर्षीय बेटी रिदमा ने अपनी स्कूली शिक्षा रतलाम से ही पूरी की है। इसके बाद उन्होंने इंदौर से अपनी हायर एजुकेशन (उच्च शिक्षा) हासिल की। वर्तमान में रिदमा पुणे की VDART डिजिटल नामक एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। महिलाओं को दी कॉम्पिटिशन में शामिल होने की सलाह
मंगलवार को रतलाम लौटने पर रिदमा ने परिजनों के साथ मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण का एक प्रेरणादायक मंच बनकर उभरा है। रिदमा ने बताया, “मैंने पहले कभी नहीं सोचा था कि एक दिन मिसेज सेंट्रल इंडिया का खिताब जीतूंगी।” उन्होंने युवतियों और महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे प्लेटफॉर्म हमें शक्ति देते हैं, आगे बढ़ने का रास्ता दिखाते हैं और हमारा आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। महिलाओं को अपने काम के अलावा भी इस तरह के कॉम्पिटिशन में जरूर शामिल होना चाहिए। भोपाल में हुआ फिनाले, 45 प्रतिभागियों को पछाड़ा
‘मिसेज सेंट्रल इंडिया 2026’ का यह ग्रैंड फिनाले 21 फरवरी को ‘द पेजेंट कंपनी’ द्वारा भोपाल में आयोजित किया गया था। इस शो में अलग-अलग शहरों से कुल 45 प्रतिभागी शामिल हुई थीं, जिनमें रिदमा काकानी ने सिल्वर कैटेगरी का खिताब अपने नाम किया। फिनाले में बॉलीवुड सेलिब्रिटी अमन वर्मा, वारिना और मशहूर डायरेक्टर बेजॉय नांबियार मौजूद रहे। रिदमा ने बताया कि इस शो में 45 से 67 वर्ष तक की उम्र की महिलाओं ने भी विभिन्न कैटेगरी में खिताब जीते हैं। दिसंबर 2025 में बनी थीं मिसेज महाराष्ट्र की रनर-अप
रिदमा काकानी के लिए यह पहली बड़ी उपलब्धि नहीं है। इससे पहले 21 दिसंबर 2025 को पुणे में इसी कंपनी द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में वे ‘मिसेज महाराष्ट्र’ में रनर-अप का खिताब भी जीत चुकी हैं। भोपाल में हुए इस ग्रैंड फिनाले में जूरी की भूमिका में मयूरी सूर्यवंशी, वारिना, इंटरनेशनल एंबेसडर 2026 मंजरी सिन्हा, डॉ. स्वाति जैन, डॉ. पूर्णिमा तिवारी, मिस पूर्णिमा सुनमोरिया, ज्योति झरबड़े और रेखा मारवाल उपस्थित रहीं।


