चित्रकूट में नशा मुक्ति अभियान:प्रभाकर सिंह ने बच्चों को दिलाया नशा मुक्त जीवन का संकल्प

चित्रकूट में नशा मुक्ति अभियान:प्रभाकर सिंह ने बच्चों को दिलाया नशा मुक्त जीवन का संकल्प

चित्रकूट (कर्वी)। विकास पथ सेवा संस्थान ने पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, कछार पुरवा में नशा मुक्ति एवं तंबाकू नियंत्रण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान संस्थान अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर सिंह ने विद्यार्थियों को नशा मुक्त जीवन का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षिका सुशीला पांडेय ने की। डॉ. प्रभाकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि तंबाकू का सेवन विश्व में रोकी जा सकने वाली मौतों का एक प्रमुख कारण है। भारत में प्रतिवर्ष लाखों लोग तंबाकू जनित बीमारियों से असमय काल का ग्रास बन जाते हैं। उन्होंने चित्रकूट और बुंदेलखंड क्षेत्र का विशेष उल्लेख करते हुए बताया कि ग्रामीण इलाकों में जागरूकता की कमी के कारण किशोर अवस्था में ही नशे की लत लग जाती है। इससे कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने छात्रों को नशा मुक्त जीवन का संकल्प दिलाते हुए कहा, “आज का संकल्प ही कल का सुरक्षित भविष्य है।” समाजसेवी शंकर प्रसाद यादव ने इस अवसर पर कहा कि नशा व्यक्ति की आर्थिक, मानसिक और सामाजिक स्थिति को कमजोर करता है, जिससे पूरा परिवार प्रभावित होता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को तंबाकू निषेध संबंधी पर्चों के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई और सभी को सामूहिक शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन विद्यासागर सिंह ने किया। इस अवसर पर संस्थान के लवलेश सिंह, जगपालक यादव, शिक्षिका रंजना चंदेल, दीपा देवी, गीतांजलि, प्रियंका द्विवेदी, सुनीता देवी सहित सैकड़ों बच्चे और अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में, डाबर इंडिया लिमिटेड के सहयोग से विद्यार्थियों के बीच फ्रूट जूस, फेस क्रीम, ग्लूकॉन-सी और मंजन आदि का वितरण किया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *