वाराणसी: बाल यौन शोषण के आरोपों से घिरे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को लेकर विपक्ष सरकार पर हावी होता नजर आ रहा है। कांग्रेस और सपा के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को शंकराचार्य से मुलाकात की और समर्थन देने की बात कही। वहीं, मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शंकराचार्य से मिलने उनके श्रीविद्या मठ पहुंचे। उन्होंने कहां की बुधवार को पूरे प्रदेश में इसको लेकर आंदोलन होगा।
कांग्रेस शंकराचार्य के साथ खड़ी है: राय
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से मिलने मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय एक प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शंकराचार्य से मुलाकात कर कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी शंकराचार्य के साथ खड़ी है। अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार शंकराचार्य को बदनाम करने की साजिश रच रही है लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे।
सरकार बदनाम करना बंद करें: राय
अजय राय ने इस प्रकरण को लेकर सरकार को चेतावनी दी है कि सरकार शंकराचार्य को परेशान और बदनाम करना बंद करें। उन्होंने कहा कि दिवंगत शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती के समय से वह इस आश्रम से जुड़े हैं और तब से स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को जानते हैं। उन्होंने बताया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से काशी और पूरे देश के लोग प्रेम करते हैं।
बुधवार को कांग्रेस करेगी प्रदर्शन
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जहां धर्म को सताया जाएगा या सताया जा रहा है वहां पूरी कांग्रेस पार्टी एकजुट हो जाती है। शंकराचार्य जैसे हमारे धर्मगुरु जिन्हें हम भगवान मानते हैं, उनका अपमान किया जा रहा है। इसलिए कांग्रेस पार्टी पूरी तरीके से उनके समर्थन में खड़ी है। उन्होंने ऐलान किया कि बुधवार को पूरे प्रदेश में पार्टी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन देगी।


