Lung Cancer Early Signs: फेफड़ों का कैंसर (लंग कैंसर) दुनिया में कैंसर से होने वाली मौतों की सबसे बड़ी वजह माना जाता है। यह बीमारी तब होती है जब फेफड़ों की कोशिकाएं असामान्य तरीके से बढ़ने लगती हैं। World Health Organization की कैंसर रिसर्च शाखा International Agency for Research on Cancer के मुताबिक, साल 2022 में लंग कैंसर सबसे ज्यादा पाया जाने वाला कैंसर था। उस साल करीब 25 लाख नए मामले सामने आए और लगभग 18 लाख लोगों की मौत इसी बीमारी से हुई।
डॉक्टरों के अनुसार, लंग कैंसर के करीब 85% मामलों की मुख्य वजह स्मोकिंग होती है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि ज्यादातर लोगों में इसका पता बहुत देर से चलता है, क्योंकि शुरुआती लक्षण अक्सर हल्के या अजीब होते हैं और सीधे फेफड़ों से जुड़े नहीं लगते। अगर इन संकेतों को समय पर पहचान लिया जाए, तो इलाज के बेहतर मौके मिल सकते हैं। आइए जानते हैं लंग कैंसर के कुछ ऐसे असामान्य संकेत, जिन्हें लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं।
उंगलियों का आकार बदलना (फिंगर क्लबिंग)
अगर आपकी उंगलियों के सिरे मोटे या गोल होने लगें और नाखून मुड़कर चम्मच जैसे दिखें, तो यह लंग कैंसर का संकेत हो सकता है। ऐसा तब होता है जब शरीर को लंबे समय तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती। यह बदलाव धीरे-धीरे महीनों में होता है और आमतौर पर दर्द भी नहीं होता।
कंधे या हाथ में लगातार दर्द
अगर कंधे, बाजू या हाथ में लंबे समय तक दर्द बना रहे और बिना वजह बढ़ता जाए, तो इसे सामान्य दर्द समझकर नजरअंदाज न करें। कुछ ट्यूमर नसों पर दबाव डालते हैं, जिससे दर्द हाथ की उंगलियों तक फैल सकता है या सुन्नपन महसूस हो सकता है।
आवाज बैठना या बदल जाना
अगर आपकी आवाज कई हफ्तों तक भारी या कमजोर बनी रहे और ठीक न हो, तो यह भी चेतावनी हो सकती है। ट्यूमर आवाज को कंट्रोल करने वाली नसों को प्रभावित कर सकता है, जिससे आवाज बदल जाती है या बोलने में तकलीफ होती है।
चेहरे, गर्दन या हाथों में सूजन
अगर अचानक चेहरे पर सूजन, गर्दन भारी लगना या हाथों में सूजन दिखाई दे, तो यह शरीर की एक बड़ी नस पर दबाव की वजह से हो सकता है। सुबह के समय यह सूजन ज्यादा दिख सकती है और लेटने पर बढ़ सकती है।
आंख और चेहरे में बदलाव (हॉर्नर सिंड्रोम)
एक आंख की पलक झुक जाना, पुतली छोटी दिखना या चेहरे के एक हिस्से में पसीना कम आना भी लंग कैंसर का संकेत हो सकता है। यह नसों के प्रभावित होने से होता है।
बहुत ज्यादा प्यास और बार-बार पेशाब
अगर बिना कारण बहुत ज्यादा प्यास लगे, बार-बार पेशाब आए, उल्टी या कमजोरी महसूस हो, तो यह शरीर में कैल्शियम बढ़ने का संकेत हो सकता है, जो कुछ लंग ट्यूमर की वजह से होता है।


