पत्रिका समूह के डिप्टी एडिटर भुवनेश जैन को महाराणा मेवाड़ सम्मान, 15 मार्च को होगा समारोह

पत्रिका समूह के डिप्टी एडिटर भुवनेश जैन को महाराणा मेवाड़ सम्मान, 15 मार्च को होगा समारोह

 Maharana Mewar Foundation 2026 Award Ceremony: महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउण्डेशन ने सोमवार को वर्ष 2026 के लिए 42वें राज्य स्तरीय अलंकरणों की घोषणा कर दी है। पत्रिका समूह के निदेशक व डिप्टी एडिटर भुवनेश जैन को महाराणा मेवाड़ सम्मान दिया जाएगा।

चेन्नई में पदस्थ भारत की प्रथम ट्रांसजेंडर महिला सब-इंस्पेक्टर के. पृथिका को भी यह सम्मान दिया जाएगा। फाउण्डेशन के संयोजक डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया, समारोह 15 मार्च को शाम 4:30 बजे सिटी पैलेस के माणक चौक प्रांगण में होगा। अध्यक्षता फाउण्डेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ करेंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले 20 फरवरी को कर्नल जेम्स टॉड सम्मान अमेरिका की डॉ. मॉली एम्मा एटकिन, हल्दीघाटी सम्मान वरिष्ठ पत्रकार कमलेश किशोर सिंह और महाराणा उदय सिंह सम्मान पर्यावरण संरक्षण के लिए मरिमुथु योगनाथन को और पन्नाधाय सम्मान 35,000 फीट पर जेट एयरवेज़ में सुरक्षित प्रसव पर आठ क्रू सदस्यों को देने की घोषणा हो चुकी है।

इन प्रतिभाओं को सम्मान

महर्षि हारीत राशि सम्मान: 19 साल के वेदमूर्ति देवव्रत महेश रेखे को 50 दिन तक पूर्ण स्मरण शक्ति के आधार पर शुक्ल यजुर्वेद (माध्यंदिन शाखा) के दुर्लभ दंडक्रम विकृतिपाठ का संपादन पर।

महाराणा कुम्भा सम्मान: भारतीय संस्कृति, साहित्य एवं इतिहास में योगदान के लिए उदयपुर के साहित्यकार तरुण कुमार दाधीच को।

महाराणा सज्जनसिंह सम्मान: ललित कला क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड आर्टिस्ट अजय रावत को।

डागर घराना सम्मान: संगीत के क्षेत्र में प्रख्यात बांसुरी वादक पंडित हरिप्रसाद चौरसिया को।
राणा पूंजा सम्मान: आदिवासी समाज के उत्थान के लिए मांडना कलाकार डिंपल चण्डात को ।

अरावली सम्मान (खेल): भारतीय नौसेना के चीफ पेटी ऑफिसर एवं अल्ट्रा-मेराथन धावक राम रतन जाट और टोक्यो पैरालंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला अवनि लेखरा को।

विशेष सम्मान: मेवाड़ की 500 वर्ष पुरानी पवित्र जल सांझी परंपरा के संरक्षण के लिए उदयपुर के राजेश वैष्णव को।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *