अंडरग्राउंड ड्रेनेज पाइप लाइन बिछाने चौपाटी को कराया बंद

अंडरग्राउंड ड्रेनेज पाइप लाइन बिछाने चौपाटी को कराया बंद

-चौपाटी पर 1.62 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण, हर 10 फीट पर बनेगा चेम्बर।

बैतूल। शहर के नेहरू पार्क स्थित चौपाटी को सोमवार को अंडरग्राउंड ड्रेनेज पाइप लाइन बिछाने के कार्य के चलते पूरे दिन बंद रखा गया। सडक़ के दोनों ओर बेरिकेड्स लगाए जाने से इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहा। दिनभर निर्माण कार्य के कारण क्षेत्र में हलचल बनी रही। बताया गया कि चौपाटी क्षेत्र में व्यवस्थित जल निकासी के लिए अंडरग्राउंड ड्रेनेज पाइप लाइन डाली जा रही है। सीमेंट के भारी-भरकम पाइपों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाकर जमीन के भीतर स्थापित करने के लिए विशेष क्रेन की मदद ली गई। निर्माण कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके, इसके लिए एहतियातन चौपाटी को एक दिन के लिए बंद रखा गया। अधिकारियों ने बताया कि क्रेन की सहायता से एक ही दिन में सभी पाइपों को सफलतापूर्वक बिछा दिया गया।
ड्रेनेज व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए हर दस फीट की दूरी पर एक-एक चेम्बर का निर्माण किया जाएगा। इन चेम्बरों के माध्यम से दुकानों से निकलने वाले पानी की निकासी सीधे मुख्य ड्रेनेज लाइन में हो सकेगी। पाइप लाइन को मुख्य नाली से जोडऩे की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या न हो।
उल्लेखनीय है कि चौपाटी के कायाकल्प के लिए विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से लगभग 1.62 करोड़ रुपए की लागत से नई दुकानों का निर्माण कार्य जारी है। इसी परियोजना के तहत आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जा रहा है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद एक समान डिजाइन की नई दुकानें स्थापित की जाएंगी, जिससे चौपाटी का स्वरूप आकर्षक और सुव्यवस्थित नजर आएगा। नगरपालिका के इंजीनियर पंकज धुर्वे ने बताया कि चौपाटी चालू रहने की स्थिति में ड्रेनेज पाइप लाइन बिछाना संभव नहीं था, इसलिए एक दिन के लिए इसे बंद कर कार्य पूर्ण किया गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई व्यवस्था से जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *