कॉलेज चौक का बदलता स्वरूप: सडक़ चौड़ीकरण से मिलेगी जाम से राहत

कॉलेज चौक का बदलता स्वरूप: सडक़ चौड़ीकरण से मिलेगी जाम से राहत

-अंडरग्राउंड पुलिया व लेफ्ट टर्न सुविधा के साथ 1.60 करोड़ की लागत से हो रहा विकास कार्य।

बैतूल। शहर के व्यस्ततम चौराहों में शामिल कॉलेज चौक पर इन दिनों सडक़ चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य तेज गति से जारी है। लंबे समय से ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित यातायात की समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र को आधुनिक तकनीकी डिजाइन के आधार पर विकसित किया जा रहा है। लगभग 1.60 करोड़ रुपए की लागत से किए जा रहे इस कार्य के तहत अंडरग्राउंड पुलिया निर्माण के साथ-साथ लेफ्ट टर्न की विशेष सुविधा तैयार की जा रही है।
सोमवार को चौड़ीकरण कार्य के दौरान चौराहे के कॉर्नर पर स्थित वन मंडलाधिकारी के बंगले की वह बाउंड्रीवाल, जो सडक़ में बाधा बन रही थी, उसे जेसीबी मशीन की मदद से हटा दिया गया। बाउंड्रीवाल का कुछ हिस्सा और तोड़ा जाना शेष है, जिसके बाद सडक़ की नई बाउंडिंग की जाएगी। बाउंड्रीवाल हटने के बाद सडक़ काफी चौड़ी दिखाई देने लगी है। वहीं, सडक़ विस्तार में बाधा बन रहे पेड़ों को भी हटाया गया है। परशुराम चौक के पास स्थित एक विशालकाय पेड़ को काटे जाने के दौरान बाउंड्रीवाल का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। तैयार की गई ड्राइंग और डिजाइन के अनुसार कॉलेज चौक शहर का पहला ऐसा चौराहा होगा, जिसे विशेष तकनीकी मानकों के आधार पर विकसित किया जा रहा है। चौराहे के चारों मार्गों पर लेफ्ट टर्न के लिए अलग-अलग पासिंग लेन बनाई जा रही हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद लेफ्ट टर्न लेने वाले वाहनों को चौराहे के मध्य भाग में प्रवेश करने की आवश्यकता नहीं होगी। वे सीधे किनारे से निकल सकेंगे, जबकि केवल सीधे जाने वाले वाहन ही मुख्य चौराहे से गुजरेंगे। इस नई यातायात व्यवस्था से चौराहे पर वाहनों का दबाव कम होगा और जाम जैसी स्थिति से राहत मिलने की उम्मीद है। नागरिकों को विश्वास है कि कार्य पूर्ण होने के बाद कॉलेज चौक का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और यातायात व्यवस्था सुचारू होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *