2 Accused Arrested In Vikram Singh Murder: कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र स्थित सुभाष नगर बॉम्बे योजना में 18 फरवरी की शाम सिगरेट के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। विक्रम सिंह की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले 3 नाबालिग बाल अपचारियों को निरुद्ध कर बाल सम्प्रेषण गृह भेजा जा चुका है।
डिप्टी मनीष शर्मा ने बताया कि 18 फरवरी दिन में बरड़ा बस्ती चौराहे पर सिगरेट लाने की बात को लेकर विक्रम सिंह और कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने उस समय विवाद शांत करा दिया था, लेकिन आरोपियों ने इसे लेकर रंजिश पाल ली।
शाम को गोलू खत्री अपने 7-8 साथियों के साथ सुभाष नगर बॉम्बे योजना स्थित दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि विक्रम सिंह को आवाज देकर बाहर बुलाया गया और दुकान से खींचकर उस पर पाइप और चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। चाकू के वार से उसके फेफड़े क्षतिग्रस्त हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों की पहचान की। लगातार दबिश और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी विशाल शर्मा और कुशाल बैरवा को गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में उन्होंने दिन के विवाद का बदला लेने की नीयत से हमला करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


