मेरठ में मेट्रो और नमो भारत का संचालन शुरू हो गया है। पहले दिन बेगमपुल स्टेशन सहित शहर के अन्य स्टेशनों पर लोगों में उत्साह देखा गया। हालांकि, बेगमपुल स्टेशन पर नेटवर्क समस्या के कारण कुछ लोगों को टिकट नहीं मिल पाया और वे बिना यात्रा के ही लौट गए। इसी बीच, अखिल भारतीय हिंदू संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने बेगमपुल स्टेशन का नाम बदलकर ‘छत्रपति शिवाजी’ रखने की मांग की है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की पूर्व बैठक में बेगमपुल का नाम ‘भारत माता का चौक’ रखने का प्रस्ताव भी पारित हो चुका है। सिरोही ने चेतावनी दी है कि यदि स्टेशन का नाम नहीं बदला गया तो उनका संगठन NCRTC के खिलाफ स्टेशन पर ही प्रदर्शन करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शताब्दी नगर मेट्रो स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक के चरण का शुभारंभ किया था। यह स्टेशन शाम 6 बजे शहरवासियों के लिए पहली बार खोला गया, जिसके बाद टिकट काउंटर पर लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान, मेरठ मेट्रो में सफर कर रहे युवाओं ने ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2026 में शहरवासियों को एक बड़ा उपहार दिया है, जिससे अब दिल्ली की यात्रा नमो भारत ट्रेन से आसान हो जाएगी और शहर में घूमने के लिए मेट्रो भी उपलब्ध है। युवाओं ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड किए। उनका मानना है कि मेट्रो चलने से शहर में जाम की स्थिति कम होगी और दिल्ली जाने वाले लोग अब नमो भारत का उपयोग करेंगे। उन्होंने रोजगार और पढ़ाई के नए अवसरों की भी उम्मीद जताई। युवाओं ने NCRTC से मेरठ मेट्रो को शहर के अन्य क्षेत्रों से भी जोड़ने की मांग की।


