महाराष्ट्र: करेले की सब्जी बनाने पर बेटे ने की मां की हत्या, फिर अचार खाकर मनाया ‘जश्न’

महाराष्ट्र: करेले की सब्जी बनाने पर बेटे ने की मां की हत्या, फिर अचार खाकर मनाया ‘जश्न’

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शराब के नशे में एक बेटे ने अपनी ही 65 वर्षीय मां की जान ले ली, क्योंकि उसने खाने में उसकी पसंद की सब्जी नहीं बनाई थी। यह सनसनीखेज वारदात चंद्रपुर के डोंगरगांव में हुई है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम जगदीश पेटकुले (36) है। उसने अपनी 65 वर्षीय मां सुमित्राबाई पेटकुले की कथित तौर पर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मां-बेटे में बहस की शुरुआत बेहद छोटी बात से हुई थी। रात में मां ने खाना बनाया था। जब जगदीश ने अपनी थाली में करेला की सब्जी देखी तो वह गुस्से से आगबबूला हो गया। इसी बात को लेकर मां-बेटे के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

पत्नी दो महीने से मायके में

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी की पत्नी पिछले दो महीने से मायके में रह रही थी। वह पति की शराब की लत से परेशान थी। जगदीश के दो बच्चे भी हैं, लेकिन पत्नी के अलग रहने के कारण वह अपनी मां के साथ ही घर में रह रहा था। 

बताया जा रहा है कि शराब के नशे में उसका स्वभाव अक्सर उग्र हो जाता था। घटना वाली रात भी वह नशे में था।

मां के साथ बेरहमी से मारपीट

पुलिस के अनुसार झगड़े के दौरान जगदीश ने अपनी मां को बेरहमी से लात घूसों से पीटा। सुमित्राबाई के सिर, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर पड़ोसी भी पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सुमित्राबाई खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी थीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज

हैरानी की बात यह है कि अपनी मां की हत्या करने के बाद आरोपी रसोई में गया, जहां उसने अचार लिया और अचार खाते हुए शराब पी। इस बीच, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और आरोपी जगदीश को हिरासत में ले लिया गया। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि वारदात के समय वह शराब के नशे में था। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *