Patna Double Murder: छोटे भाई को पंडाल में मारा, बड़े भाई को नंगा कर गोलियों से भूना; 28 राउंड फायरिंग से दहला रिसेप्शन

Patna Double Murder: छोटे भाई को पंडाल में मारा, बड़े भाई को नंगा कर गोलियों से भूना; 28 राउंड फायरिंग से दहला रिसेप्शन

Patna Double Murder: पटना के गोपालपुर थाना इलाके के शाहपुर गांव में रविवार रात एक रिसेप्शन समारोह में दो भाइयों की हत्या हो गई। करीब एक दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने सैकड़ों मेहमानों के सामने मनीष राय (25) और मंजीत राय (20) को गोलियों से भून दिया। इस दौरान करीब 27-28 राउंड गोलियां चलीं। रिसेप्शन में गोलियों की तड़तड़ाहट से पंडाल के अंदर और बाहर अफरा-तफरी मच गई, लोग अपनी प्लेटें छोड़कर जान बचाने के लिए भागने लगे। बताया जा रहा है कि यह घटना रात करीब 9 बजे हुई। दोनों भाई उसी गांव के रहने वाले दौलत राय के बेटे विक्की के रिसेप्शन में शामिल होने आए थे।

पहले छोटे को मारा, फिर बड़े को गोलियों से भुना

शाहपुर गांव निवासी दौलत यादव के बेटे विक्की का रिसेप्शन समारोह गांव के ही एक खेत में बने भव्य पंडाल में आयोजित था। गांव के सैकड़ों लोग वहां मौजूद थे। मनीष और मंजीत भोजन करने के बाद हाथ धोने के लिए जा रहे थे, तभी अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने सबसे पहले छोटे भाई मंजीत को निशाना बनाया। मंजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं, जिससे वह पंडाल के अंदर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।

छोटे भाई को गिराने के बाद हमलावरों ने बड़े भाई मनीष का कॉलर पकड़ा और उसे पंडाल से बाहर खींचकर पास के एक ट्यूबवेल पर ले गए। वहां बदमाशों ने मनीष की शर्ट और पैंट उतारी और फिर उसके शरीर के ऊपरी हिस्से और सीने में 5-6 गोलियां मारीं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश जगनपुरा मेन रोड की तरफ भाग गए। मौके से 7.65mm पिस्टल के एक दर्जन से ज्यादा खोखे बरामद हुए हैं।

अस्पताल ले गए ग्रामीण, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

गांव के लोग दोनों भाइयों को पहले संपतकचक स्थित अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें एनएमसीएच रेफर किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस बीच रिसेप्शन का पंडाल वीरान हो चुका था। शादी का जश्न मातम में बदल गया। मृतकों के पिता राजू राय उर्फ राजकिशोर राय को सूचना दी गई तो वे मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जमीनी विवाद में हत्या

पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि इस डबल मर्डर की जड़ करोड़ों रुपये की जमीन का विवाद है। मृतक के पिता राजू राय उर्फ ​​राजकिशोर राय का अपने चचेरे भाई कृष्णा राय से छह बीघा पुश्तैनी जमीन को लेकर 40 साल से झगड़ा चल रहा था। जमीन की कीमत अभी 50 करोड़ रुपये से ज़्यादा है। पांच महीने पहले ही कोर्ट ने इस लंबे समय से चले आ रहे झगड़े में राजू राय के पक्ष में फैसला सुनाया था। केस हारने के बाद से ही दूसरा पक्ष गुस्से में है। आरोप है कि इसी रंजिश को पूरा करने के लिए कृष्णा राय के बेटों और उनके साथियों ने मंजीत और मनीष की हत्या कर दी।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

इस दुखद घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पिता राजू राय ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से ही अपनी और अपने बेटों की हत्या का डर था। उन्होंने SSP और SDPO को चिट्ठी लिखकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी। परिवार का आरोप है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं और उन पर पहले भी हमला हो चुका है।

SIT गठित, फरार आरोपियों की तलाश तेज

घटना की जानकारी मिलने पर सिटी SP ईस्ट परिचय कुमार, ASP सदर अभिनव और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एक दर्जन से ज्यादा कारतूस के खोखे बरामद किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP कार्तिकेय शर्मा ने सिटी SP ईस्ट के नेतृत्व में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई।

पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के घरों पर दबिश दी, लेकिन वे बंद मिले। सिटी एसपी ने दावा किया है कि सभी हमलावरों की पहचान कर ली गई है और वे जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *