सहारनपुर में CCTV में कैद ‘भीम आर्मी’ का हंगामा:राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शाखा में घुसकर मैनेजर को जड़े थप्पड़, चेन-अंगूठी और नकदी लूटने का आरोप

सहारनपुर में CCTV में कैद ‘भीम आर्मी’ का हंगामा:राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शाखा में घुसकर मैनेजर को जड़े थप्पड़, चेन-अंगूठी और नकदी लूटने का आरोप

सहारनपुर के बेहट कस्बे में निजी फाइनेंस कंपनी की शाखा में हुई मारपीट और हंगामे का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर शाखा प्रबंधन ने गंभीर आरोप लगाए हैं। तहरीर में कहा गया है कि खुद को भीम आर्मी जय भीम का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताने वाले मंजीत नौटियाल अपने साथियों के साथ शाखा में घुसे और जमकर मारपीट की। जैड प्रथम प्राइवेट लिमिटेड की बेहट शाखा के प्रबंधक जोनी कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार यानी 21 फरवरी 2026 सुबह करीब 11 बजे लोन धारक विकास पुत्र तिलकराम को दस्तावेज (आईडी) के संबंध में फोन किया गया था। आरोप है कि फोन पर विकास ने खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताते हुए बैंक पहुंचकर ‘सबक सिखाने’ की धमकी दी। प्रबंधक के अनुसार, कुछ ही देर बाद विकास, मंजीत नौटियाल और अंकित नामक युवक 8-10 अज्ञात लोगों के साथ शाखा में आ धमके। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि भीम आर्मी जय भीम के राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजीत नोटियाल तेजी से मैनेजर की टेबल के पास पहुंचता है और टेबल पर लात मारता है। इसके बाद मैनेजर को लगातार 7 थप्पड़ मारे जाते हैं। फुटेज में अन्य लोग भी कार्यालय के भीतर हंगामा करते और स्टाफ को घेरते दिखाई दे रहे हैं। तहरीर में आरोप है कि हमलावरों ने न केवल कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और तोड़फोड़ की, बल्कि प्रबंधक के हाथ से सोने की अंगूठी, गले की चेन और पर्स में रखे करीब 11 हजार रुपये भी छीन लिए। घटना के दौरान स्टाफ को कथित रूप से बंधक बनाकर डराया-धमकाया गया। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी, ऐसा शिकायत में कहा गया है। प्रबंधक ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, मुकदमा दर्ज करने के लेकर तहरीर दी है। कोतवाली बेहट पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *