Ajmer school renamed: विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पहल पर अजमेर शहर में क्रिश्चियन गंज पुलिस थाना और पुलिस चौकी का नाम बदलकर ‘कृष्ण गंज’ रखने के बाद अब एक और नाम परिवर्तन का निर्णय लागू किया गया है। उनके निर्देशानुसार राजकीय मोइनिया इस्लामिया उच्च माध्यमिक विद्यालय का नाम परिवर्तित कर अब राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, स्टेशन रोड करने के आदेश जारी किए गए हैं।
क्षेत्रवासियों ने लम्बे समय से रखी यह मांग
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी उनके प्रयासों से फॉयसागर का नाम परिवर्तित कर वरुण सागर किया गया, किंग एडवर्ड मेमोरियल का नाम महर्षि दयानंद विश्रांति गृह, होटल खादिम का नाम होटल अजयमेरू और पुलिस थाना क्रिश्चियन गंज का नाम कृष्णगंज किया गया।
इस कारण बदला नाम
क्रिश्चियन गंज क्षेत्र अजमेर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसकी आबादी लगभग 1.50 लाख है। क्षेत्रवासी लंबे समय से इस नाम को बदलने की मांग कर रहे थे। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का मानना है कि ‘कृष्ण’ नाम भारतीय सनातन संस्कृति, प्रेम, नीति और राष्ट्र की आत्मा का प्रतीक है। इस परिवर्तन से न केवल क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान सशक्त होगी, बल्कि स्थानीय लोगों को अपनी जड़ों से जुड़ने का गौरव भी महसूस होगा।
‘अजयमेरू’ मिशन: अब तक क्या-क्या बदला
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शहर की ऐतिहासिक पहचान और विभूतियों को सम्मान दिलाने के लिए एक लंबी सूची तैयार की है। क्रिश्चियन गंज से पहले भी कई महत्वपूर्ण स्थानों के नाम बदले जा चुके हैं।
- वरूण सागर: गुलामी के प्रतीक ‘फॉयसागर’ झील का नाम बदलकर अब वरूण सागर कर दिया गया है।
- महर्षि दयानंद विश्रांति गृह: ऐतिहासिक ‘किंग एडवर्ड मेमोरियल’ को अब स्वामी दयानंद सरस्वती के नाम पर महर्षि दयानंद विश्रांति गृह के रूप में नई पहचान मिली है।
- होटल अजयमेरू: आरटीडीसी के प्रसिद्ध ‘होटल खादिम’ का नाम बदलकर अब होटल अजयमेरू किया जा चुका है।
- रामसेतु: अजमेर के एलीवेटेड रोड का नामकरण ‘रामसेतु’ कर सनातन संस्कृति का जयघोष किया गया।


