Ahmedabad: कॉमनवेल्थ कनेक्ट फोरम से राज्य को मिलेगी और नई पहचान

Ahmedabad: कॉमनवेल्थ कनेक्ट फोरम से राज्य को मिलेगी और नई पहचान

Ahmedabad: शहर के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सोमवार को ‘कॉमनवेल्थ कनेक्ट फोरम’ आयोजित होगा। इंडिया ग्लोबल फोरम (आइजीएफ), गुजरात सरकार और अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) के सहयोग से होने वाला यह फोरम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि गुजरात और अहमदाबाद को वैश्विक आर्थिक भागीदारी, निवेश और दीर्घकालीन विकास से जोड़ने वाला रणनीतिक मंच है।

कॉमनवेल्थ गेम्स-2030 की मेजबानी गुजरात को मिलने के बाद राज्य को वैश्विक आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह फोरम अहम कदम माना जा रहा है। अहमदाबाद की महापौर प्रतिभा जैन ने कहा कि यह आयोजन शहर को वैश्विक नेटवर्क से जोड़ने और निवेश-अनुकूल माहौल बनाने में सहायक होगा। अहमदाबाद मनपा आयुक्त बंछानिधि पाणि के अनुसार कि कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारियां शहरी परिवर्तन और सतत मोबिलिटी से जुड़ी हैं, इस फोरम के माध्यम से अहमदाबाद को प्रतिस्पर्धी शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।

इंडिया ग्लोबल फोरम के संस्थापक मनोज लाडवा के अनुसार यह पहल केवल खेल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि गुजरात की वैश्विक पहचान को नए रूप में स्थापित करने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि कॉमनवेल्थ के 56 देशों की 2.7 अरब जनसंख्या और 13 ट्रिलियन डॉलर से अधिक संयुक्त जीडीपी को गुजरात के आर्थिक लाभ में परिवर्तित करना इसका उद्देश्य है।

भारत दौरे पर ब्रिटिश प्रतिनिधिमंडल

फोरम के चलते वेस्ट मिडलैंड्स के मेयर रिचर्ड पार्कर के नेतृत्व में ब्रिटिश प्रतिनिधिमंडल भारत दौरे पर रहेगा। इसमें उन्नत विनिर्माण, खेल अवसंरचना, ग्रीन मोबिलिटी और वित्तीय सेवाओं से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे। अहमदाबाद, मुंबई और बेंगलूरु में निवेश और साझेदारी पर चर्चाएं होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *