भारत-भवन के 44 साल पूरे, 11 दिवसीय कार्यक्रम समाप्त:दशकों से भोपाल की संस्कृति का केंद्र, कलाकारों को सम्मानित किया

भोपाल स्थित भारत भवन ने 13 फरवरी को अपना 44वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर 13-22 फरवरी तक विशेष समारोह आयोजन किया गया था। समापन 22 फरवरी को हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्जवलित कर की। इस वर्ष समारोह की थीम कृतज्ञता और उत्सव रखी गई है। उद्घाटन के दिन राई नृत्य से शुरुआत हुई और समापन ओडिसी नृत्य प्रस्तुति के साथ हुआ। कार्यक्रम में बाहर से आए कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। CM ने कहा- ये भवन इमारत नहीं जीवंत सांस्कृतिक केंद्र मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उद्धाटन समारोह में कहा था कि भारत भवन केवल एक इमारत नहीं बल्कि जीवंत सांस्कृतिक केंद्र है। यह कला और कलाकारों का संरक्षक संस्थान है। उन्होंने प्रसिद्ध बांसुरी वादक पद्म विभूषण पंडित हरिप्रसाद चौरसिया और ट्रस्टी पद्म श्री भूरी बाई का सम्मान शाल और श्रीफल देकर किया। सीएम ने आगे कहा कि कला समाज को जोड़ती है और आपसी दूरी कम करती है। भारत भवन ने भोपाल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक पहचान दिलाई है। राज्य सरकार ने भरोसा दिलाया है कि भविष्य में भी ऐसे संस्थानों को पूरा सहयोग दिया जाएगा, ताकि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत आगे बढ़ती रहे। कला और संस्कृति का प्रमुख केंद्र पिछले 44 साल में भारत भवन ने देश भर के कलाकारों को मंच दिया है। यहां लोक कला और आधुनिक कला का सुंदर मेल देखने को मिलता है। यह संस्थान नए कलाकारों को अवसर देने के साथ साथ स्थापित कलाकारों को भी सम्मानित करता रहा है। 13 से 22 फरवरी तक हुआ विशेष कार्यक्रम 13 से 22 फरवरी तक चलने वाले इस समारोह में संगीत, नृत्य, नाटक, फिल्म प्रदर्शन, कविता पाठ, चर्चा, कला प्रदर्शनी और कला शिविर जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। 13 फरवरी को राई नृत्य, 44 महिला कलाकारों की प्रदर्शनी, रंग संगीत और पंडित हरिप्रसाद चौरसिया का बांसुरी वादन हुआ। 14 फरवरी को ग्राफिक और सिरमिक कला शिविर की शुरुआत, राजा भोज पर चर्चा और तबला वादन हुआ। 15, 16 और 17 फरवरी को अभिनेता धर्मेंद्र की फिल्मों का प्रदर्शन, निमाड़ी और मालवी गीत, कथक नृत्य और नाटक मंचन हुआ। 18 फरवरी को फिल्म अनुपमा और नाटक डैडी, 19 फरवरी को संतूर वादन और नाटक आनंद मठ, 20 फरवरी को मालवी और भोजपुरी गायन तथा शास्त्रीय संगीत, 21 फरवरी को सारंगी वादन और कविता कहानी पाठ तथा 22 फरवरी को बुंदेली और बघेली गीतों के साथ ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति के साथ समारोह का समापन किया गया। 1982 में हुआ था स्थापना भारत भवन की स्थापना 13 फरवरी 1982 को हुई थी। इसका उद्घाटन उस समय की प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी ने किया था। यह बहु कला केंद्र है जहां साहित्य, संगीत, नृत्य, नाटक और चित्रकला को एक साथ मंच मिलता है। भवन का डिजाइन प्रसिद्ध वास्तुकार चार्ल्स कोरिया ने तैयार किया था। इसकी संरचना झील किनारे बने खुले आंगन और हरियाली के लिए जानी जाती है। भारत भवन से जुड़ीं हुई तस्वीरें देखें… ये खबर भी पढ़ें… भोपाल में मधुबनी आर्ट और तमिलनाडु के ऑर्गेनिक बीज भोपाल के गौहर महल में अनंत मंडी के 7 साल पूरे होने पर तीन दिवसीय अनंत महोत्सव का आयोजन हुआ। 20 से 22 फरवरी तक चले इस कार्यक्रम में जैविक किसान और स्थानीय हस्तशिल्प बाजार लगे। इसके अलावा तीनों दिन अलग-अलग तरीके के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ, जिनमें कत्थक, ओपन माइक और बैंड परफॉर्मेंस शामिल है। पूरी खबर पढ़ें…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *