Prakash Raj Takes A Dig On The Kerela Story 2: फिल्म रिलीज से पहले ही चर्चाओं के केंद्र में आ चुकी ‘द केरल स्टोरी 2’ एक बार फिर सुर्खियों में है। ट्रेलर सामने आने के बाद से ही इस फिल्म को लेकर देशभर में तीखी बहस छिड़ी हुई है। अब अभिनेता प्रकाश राज ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी करते हुए नया विवाद खड़ा कर दिया है। प्रकाश राज ने फिल्म पर तंज कसा है। क्या है मामला, चलिए जानते हैं।
प्रकाश राज का सोशल मीडिया पोस्ट (Prakash Raj Takes A Dig On The Kerela Story 2)
रविवार को प्रकाश राज ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर कुछ डिशिज की तस्वीरें साझा कीं, जिनमें पोर्क, बीफ और मछली के साथ पारंपरिक शाकाहारी आहार भी नजर आ रहे थे। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा कि असली केरल की पहचान विविधता और सौहार्द में है, जहां अलग-अलग खानपान साथ-साथ मौजूद हैं।
उनका ये पोस्ट सीधे तौर पर फिल्म का नाम लिए बिना उस बहस की ओर इशारा माना जा रहा है, जो ट्रेलर में दिखाए गए एक विवादित सीन के बाद शुरू हुई थी। सोशल मीडिया पर उनके इस बयान को लेकर समर्थक और विरोधी दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
ट्रेलर से शुरू हुआ विवाद
फिल्म के ट्रेलर में एक सीन दिखाया गया है, जिसमें कथित तौर पर एक युवती को जबरन बीफ खिलाए जाने का हिंट मिलता है। इसी सीन ने फिल्म को राजनीतिक और सामाजिक बहस के केंद्र में ला खड़ा किया। कुछ लोग इसे संवेदनशील मुद्दों को उठाने वाली फिल्म बता रहे हैं, तो कुछ इसे एकतरफा प्रस्तुति कह रहे हैं।
इससे पहले फिल्मकार अनुराग कश्यप ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए फिल्म की आलोचना की थी। उन्होंने इसे प्रोपेगेंडा करार दिया और कहानी की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए।
केरल के मुख्यमंत्री ने भी जताई आपत्ति
फिल्म को लेकर राजनीतिक स्तर पर भी बयानबाजी जारी है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने राज्य की छवि को नुकसान पहुंचाने के प्रयासों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि केरल धार्मिक सौहार्द और विकास के लिए जाना जाता है, इसलिए किसी भी तरह के दुष्प्रचार को सामूहिक रूप से नकारा जाना चाहिए।
फिल्म के निर्माताओं का पक्ष
फिल्म का निर्देशन कमाख्या नारायण सिंह ने किया है, जबकि निर्माता हैं विपुल शाह। निर्माताओं का कहना है कि कहानी न्यायालय से जुड़े वास्तविक मामलों से प्रेरित है। उनका दावा है कि फिल्म तीन युवतियों की कहानी के माध्यम से व्यापक सामाजिक परिघटनाओं को सामने लाती है।
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से यू/ए सर्टिफिकेट मिलने के बाद अब फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। हालांकि रिलीज से पहले ही जिस तरह का माहौल बन चुका है, उससे साफ है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस से ज्यादा वैचारिक बहस का विषय बन चुकी है।




