बांग्लादेश में तैनात भारत के हाई कमिश्नर प्रणय वर्मा को भारत सरकार ने खास संदेश भेजा है। जिसके बारे में उन्होंने खुद जानकारी दी है। उन्होंने रविवार को बताया कि भारत ने बांग्लादेश की नई सरकार के साथ रिश्ते और बेहतर करने की इच्छा जताई है।
वर्मा ने बांग्लादेश के नए विदेश मंत्री डॉ खलीलुर रहमान और राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम से बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय में मुलाकात की।
बैठकों के बाद वर्मा ने रिपोर्टरों से कहा- बांग्लादेश में नई सरकार बनने के बाद नए विदेश मंत्री और राज्य मंत्री के साथ यह मेरी पहली मुलाकात थी। इसलिए, यह एक शिष्टाचार मुलाकात और विचारों का शुरुआती लेन-देन ज्यादा था।
पीएम मोदी ने रहमान से की थी बातचीत
वर्मा ने कहा- आप चुनाव के बाद से बांग्लादेश के साथ हमारी हाल की हाई-लेवल बातचीत के बारे में जानते हैं। चुनाव के तुरंत बाद, 13 फरवरी को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम तारिक रहमान को बधाई संदेश भेजा।
उन्होंने आगे कहा- बाद में पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री रहमान से फोन पर भी बात की। 17 फरवरी को, जब नई सरकार ने शपथ ली, तो हमारे लोकसभा स्पीकर भारत सरकार की ओर से शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए ढाका आए।
बांग्लादेश से रिश्ते मजबूत करना चाहता है भारत
वर्मा ने कहा- स्पीकर ने नए प्रधानमंत्री के साथ एक बाइलेटरल मीटिंग भी की। मीटिंग के दौरान, हमारे स्पीकर ने प्रधानमंत्री मोदी का एक लेटर प्रधानमंत्री रहमान को दिया।
भारतीय दूत ने आगे कहा कि भारत बांग्लादेश के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करना चाहता है और सहयोग भी बढ़ाना चाहता है।
वर्मा ने कहा- हमने बांग्लादेश के साथ अपने ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने और अपने कई तरह के बाइलेटरल संबंधों को मजबूत करने की इच्छा जाहिर की है।
नई सरकार से बातचीत को तैयार भारत
वर्मा ने कहा- हमने एक डेमोक्रेटिक, प्रोग्रेसिव और सबको साथ लेकर चलने वाले बांग्लादेश को सपोर्ट करने के अपने कमिटमेंट पर भी जोर दिया है।
भारतीय हाई कमिश्नर ने आगे कहा- आज विदेश मंत्री के साथ मीटिंग में मैंने अपनी बात दोहराई कि हम बांग्लादेश की नई सरकार के साथ बातचीत करने के लिए तैयार हैं।
राजदूत ने आगे कहा- मैंने विदेश मंत्री को बताया कि हम सभी क्षेत्रों में लोगों पर केंद्रित अपने सहयोग को मजबूत करना चाहते हैं, आपसी हित और आपसी फायदे के आधार पर पॉजिटिव, कंस्ट्रक्टिव और आगे की सोच वाले तरीके से मिलकर काम करना चाहते हैं।


