खाद्य सुरक्षा विभाग ने होली से पहले की छापेमारी:मिलक-स्वार में संदिग्ध मैदा, मिर्च, तेल सीज; छह नमूने जांच को भेजे

खाद्य सुरक्षा विभाग ने होली से पहले की छापेमारी:मिलक-स्वार में संदिग्ध मैदा, मिर्च, तेल सीज; छह नमूने जांच को भेजे

रामपुर में होली पर्व से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। अभियान के तहत मिलक स्थित राधा रानी ट्रेडर्स पर कार्रवाई की गई। संचालक हैप्पी गुप्ता के प्रतिष्ठान से मैदा और लाल मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए। गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर लगभग 29 बोरी (1303 किलोग्राम) मैदा, जिसकी अनुमानित कीमत 46 हजार रुपये है, और 37.500 किलोग्राम लाल मिर्च पाउडर, जिसकी कीमत 8,250 रुपये है, को सीज किया गया।
इसी क्रम में मिलक के रास डंडिया स्थित सतीश किराना स्टोर से नमकीन का एक नमूना लिया गया। स्वार, रामपुर में एक स्पेलर इकाई पर भी छापा मारा गया, जहां संचालक अशरफ से सरसों का तेल और पिसी धनिया के नमूने लिए गए। यहां लगभग 20 किलोग्राम सरसों का तेल (अनुमानित कीमत 3,800 रुपये) और 3 किलोग्राम पिसी धनिया (अनुमानित कीमत 480 रुपये) सीज की गई। जांच के दौरान स्पेलर इकाई बिना खाद्य पंजीकरण के संचालित पाई गई, जिसके लिए कारोबारी को नियमानुसार निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, समोदिया, स्वार स्थित नवी हुसैन डेरी से क्रीम का एक नमूना संग्रहित किया गया। कुल मिलाकर, छह विधिक नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मिलावट की प्रकृति के अनुसार संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम मौजूद रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *