गोंडा जिले के करनैलगंज इलाके में रविवार दोपहर जमीन के विवाद ने अचानक भयावह रूप ले लिया। खेत की जुताई को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक टकराव में बदल गया। इस घटना में कई लोग घायल हुए। जबकि एक अधिवक्ता की इलाज के दौरान मौत हो गई।
गोंडा के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दत्तनगर ग्राम पंचायत के सुदाई पुरवा गांव में दो पक्षों के बीच पुराना भूमि विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। जानकारी के अनुसार, खेत की जुताई को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई थी, जो जल्द ही उग्र झड़प में बदल गई। देखते ही देखते लोग लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए।
मारपीट के दौरान कई लोग घायल
इस मारपीट में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज गोंडा ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान 59 वर्षीय अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच जमीन की विरासत और बैनामे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। रविवार को वही पुरानी रंजिश हिंसा में बदल गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मामले की जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक बोले- केस दर्ज कर जांच की जा रही
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के सुदई पुरवा गांव में जमीन कबजेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में प्रथम पक्ष के तीन लोग घायल हो गए जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज में भर्ती कराया गया जिसमें सुभाष चंद्र की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजन विश्वास चंद्र की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। दो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।


