अलवर के सदर थाना क्षेत्र के केशरपुर गांव में चोरों ने दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल के घर को निशाना बना लिया। परिवार शादी में मायरा भरने गया हुआ था, इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात और मोबाइल चोरी कर लिए। पीड़ित की पत्नी सुनीता मीना (38) पत्नी बलराम मीना ने बताया कि 19 फरवरी 2026 को रिश्तेदारी में शादी थी, जहां पूरा परिवार घर पर ताला लगाकर गया था। 20 फरवरी को वापस लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात, जिनमें सोने की बालियां, बच्चे का सोने का आभूषण, चांदी की पायजेब, बच्चों के कड़े, चांदी का मंगलसूत्र, हार, चांदी की मूर्तियां और दो एंड्रॉयड मोबाइल चोरी कर ले गए। घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस ने में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।


