औरैया में सड़क हादसे में युवक की मौत:दो साथी गंभीर घायल, तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मारी

औरैया में सड़क हादसे में युवक की मौत:दो साथी गंभीर घायल, तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मारी

औरैया के खानपुर गांव के पास शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मृत्यु हो गई। इस दुर्घटना में उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मृतक की पहचान जालौन जिले के थाना कुठौंद अंतर्गत ग्राम सनगढ़ निवासी संजू निषाद के रूप में हुई है। वह अपने दो साथियों के साथ औरैया आया था। तीनों युवक इंडियन ऑयल चौकी के पास एक गेस्ट हाउस में रिश्तेदारी के शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शनिवार देर रात करीब दो बजे, जब वे बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी खानपुर स्थित आंबेडकर नगर चौराहे के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवार तीनों युवकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। हादसे के बाद राहगीरों और पुलिस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने संजू निषाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल दो अन्य युवकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रविवार दोपहर 1 बजे प्रभारी कोतवाल सत्यप्रकाश ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और वे पोस्टमार्टम हाउस पहुंच चुके हैं। उन्होंने आगे कहा, “अज्ञात वाहन की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।”

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *