डिप्टी सीएम और लोरमी विधायक अरुण साव ने कारीडोंगरी और दरवाजा गांवों के बीच मनियारी नदी पर बन रहे पुल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुल निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की। डिप्टी सीएम साव ने कहा कि पुल का निर्माण अब तक पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन यह समय सीमा से काफी पीछे है। उन्होंने कम मजदूरों की संख्या पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे काम समय पर कैसे पूरा होगा। बारिश से पहले निर्माण पूरा करने के निर्देश उपमुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से पहले पुल का निर्माण हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि पुल के अभाव में बारिश के दौरान वनांचल के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और उनका संपर्क टूट जाता है। धीमी प्रगति पर पेनाल्टी की चेतावनी डिप्टी सीएम ने धीमी गति से हो रहे निर्माण के लिए ठेकेदार पर केवल नोटिस जारी करने के बजाय, आवश्यकता पड़ने पर जुर्माना (पेनाल्टी) लगाने के भी निर्देश दिए। गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा अरुण साव ने जोर देकर कहा कि यह बहुप्रतीक्षित पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।


