रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र स्थित जरवाय श्मशान घाट में सनसनीखेज मामला सामने आया है। अंतिम संस्कार के बाद अस्थियां बटोरने पहुंचे परिजनों को चिता से मृतक के सिर का अवशेष गायब मिला। वहीं चिता के पास काला कपड़ा, नींबू और सिंदूर सहित तांत्रिक क्रिया से जुड़ी सामग्री मिलने से तंत्र साधना की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला जानकारी के अनुसार 19 फरवरी को जरवाय निवासी शेखर यादव का अंतिम संस्कार किया गया था। परिजन परंपरा अनुसार अस्थि संग्रह के लिए श्मशान पहुंचे। जब वे चिता स्थल पर पहुंचे तो उन्हें सिर का हिस्सा नहीं मिला। अन्य अस्थियां मौजूद थीं, लेकिन सिर के अवशेष गायब होने से परिवार स्तब्ध रह गया। परिजनों ने आसपास तलाश की तो चिता के पास काला कपड़ा, कटे हुए नींबू, सिंदूर और अन्य संदिग्ध सामग्री दिखाई दी। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी ने तंत्र साधना के उद्देश्य से चिता के साथ छेड़छाड़ की है। श्मशान परिसर के अंदर एक लावारिस बाइक भी खड़ी मिली, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। कबीर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की है।


