Ramadan 2026 Iftari Special Falooda Recipe: रमजान का पाक महीना इबादत के साथ-साथ इफ्तार और सेहरी की खास तैयारियों के लिए भी जाना जाता है। रोजेदार पूरे उत्साह के साथ इन दोनों वक्तों की तैयारी करते हैं। दिनभर रोजा रखने की वजह से ज्यादातर लोग सेहरी में ज्यादा भारी या खास व्यंजन बनाना पसंद नहीं करते, लेकिन इफ्तारी को लेकर खास तैयारी जरूर करते है। रमजान 2026 में आज पहला वीकेंड है। ऐसे में अगर आप आज की इफ्तारी के लिए कुछ अलग और खास बनाने की सोच रही हैं, तो हमारी यह स्टोरी आपके लिए काम की साबित हो सकती है।
आज की इस स्टोरी में हम फालूदा बनाने की आसान रेसिपी शेयर करने जा रहे हैं। इन्हें फॉलो करके आप घर पर ही बाजार जैसा स्वादिष्ट फालूदा तैयार कर सकती हैं और इफ्तारी में सर्व कर सकती हैं। आइए जानते हैं फालूदा बनाने का आसान तरीका।
फालूदा बनाने के लिए जरूरी सामग्री (Ingredients for Falooda)
- 2 बड़े चम्मच रूह अफजा या गुलाब सिरप
- 2 बड़े चम्मच सब्जा के बीज (तुलसी के बीज)
- 1 बड़ा चम्मच चीनी
- ½ कप फालूदा सेव
- 1 कप ठंडा मीठा दूध
- 2 बड़े चम्मच स्ट्रॉबेरी जेली
- 1 स्कूप वनीला आइसक्रीम
- थोड़ी सी टूटी फ्रूटी
- कटे हुए बादाम और पिस्ता
- ऊपर से सजाने के लिए चेरी (वैकल्पिक)
फालूदा बनाने की आसान विधि (How to Make Falooda at Home)
- फालूदा बनाने के लिए सबसे पहले दूध में चीनी मिलाकर अच्छे से घोल लें, ताकि चीनी पूरी तरह घुल जाए। फालूदा का स्वाद तभी अच्छा आता है जब दूध अच्छी तरह ठंडा हो। इसलिए अब इस दूध को फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें।
- जब तक दूध ठंडा हो रहा है, तब तक सब्जा के बीजों को एक कटोरी पानी में 10–15 मिनट के लिए भिगो दें। कुछ ही देर में ये बीज फूलकर हल्के जेल जैसे दिखने लगेंगे। जब ये पूरी तरह फूल जाएं, तब पानी छानकर इन्हें निकाल लें।
- अब गैस पर एक बर्तन में पानी गर्म करें। पानी उबलने लगे तो उसमें फालूदा सेव डाल दें और 3–4 मिनट तक पकाएं। यह देखने के लिए कि सेव ठीक से पके हैं या नहीं, एक सेव निकालकर उंगलियों से हल्का दबाकर देखें। अगर वह आसानी से टूट जाए तो समझिए सेव तैयार हैं। अगर न टूटे तो 1–2 मिनट और पका लें। पकने के बाद गैस बंद कर दें, सेव को छान लें और ठंडा होने के लिए अलग रख दें।
- अब फालूदा सर्व करने के लिए एक लंबा गिलास लें। सबसे नीचे 2 चम्मच रूह अफजा डालें। इसके ऊपर भीगे हुए सब्जा के बीज की एक परत डालें। फिर उबले और ठंडे किए हुए फालूदा सेव की लेयर बनाएं।
- अब धीरे-धीरे ठंडा दूध गिलास में डालें, ताकि सारी परतें साफ-साफ दिखाई दें। इसके बाद स्ट्रॉबेरी जेली डालें और ऊपर से वनीला आइसक्रीम का एक स्कूप रखें। अंत में टूटी-फ्रूटी और कटे हुए मेवे डालकर सजाएं। आप चाहें तो ऊपर से थोड़ा सा रूह अफजा और डाल सकती हैं।
इफ्तारी में फालूदा क्यों है खास? (Why Falooda is Perfect for Iftar)
रोजा खोलने के बाद शरीर को तुरंत एनर्जी और ठंडक की जरूरत होती है। ऐसे समय में फालूदा एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है। यह दूध, सब्जा के बीज और ड्राय फ्रूट्स से बनता है, जो शरीर को ताकत देने के साथ-साथ ताजगी भी देते हैं। इसका मीठा और ठंडा स्वाद दिनभर की थकान को काफी हद तक कम कर देता है और मन को भी सुकून देता है। खासकर गर्मियों के रमजान में यह और भी ज्यादा राहत देता है। ऐसे में आप रमजान 2026 में इफ्तारी के लिए फालूदा बनाकर परिवार के साथ इसका आनंद उठा सकती हैं।


