गुरुग्राम में दरिंदगी की हद! लिव-इन पार्टनर के साथ हैवानियत, सैनिटाइज़र डालकर जिंदा जलाने की कोशिश

गुरुग्राम में दरिंदगी की हद! लिव-इन पार्टनर के साथ हैवानियत, सैनिटाइज़र डालकर जिंदा जलाने की कोशिश

Gurugram Crime News: हरियाणा के गुरुग्राम में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 19 वर्षीय छात्रा के साथ बेहद क्रूर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने युवती को बेरहमी से पीटा, उसका सिर दीवार पर दे मारा और सैनिटाइजर डालकर उसके प्राइवेट पार्ट्स में आग लगाने की कोशिश की।

बता दें कि यह घटना बादशाहपुर थाना क्षेत्र के एक फ्लैट में हुई, जहां त्रिपुरा की रहने वाली युवती और दिल्ली के नरेला निवासी आरोपी साथ रह रहे थे।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

गंभीर रूप से घायल युवती का इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी शिवम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं—115, 118(1), 118(2), 127(2), 69 और 351(2)—के तहत मामला दर्ज किया है। यह एफआईआर 19 फरवरी की रात दर्ज की गई।

ऑनलाइन ऐप के जरिए हुई दोस्ती

एफआईआर के अनुसार, बीएससी बायोटेक्नोलॉजी की छात्रा गुरुग्राम के सेक्टर-69 स्थित पीजी में रहती थी। सितंबर में उसकी मुलाकात एक ऐप के जरिए आरोपी से हुई, जिसके बाद दोनों मिलने लगे और फिर साथ रहने लगे। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शक के चलते उसे लगातार प्रताड़ित करने लगा।

सिर पर हमला, जलाने की कोशिश

दरअसल, 16 फरवरी को आरोपी ने युवती पर बेहद हिंसक हमला किया। उसने स्टील की बोतल और मिट्टी के बर्तन से उसके सिर पर वार किया और दीवार पर पटक दिया। इसके बाद उसने कथित तौर पर युवती के प्राइवेट पार्ट्स पर सैनिटाइजर डालकर आग लगाने की कोशिश की। आरोपी ने चाकू से उसके पैरों पर भी हमला किया और उसे इतना मारने की धमकी दी कि वह चल न सके और मां न बन पाए। आरोप है कि उसने इस दौरान अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड किए।

मां को फोन कर बची जान

घटना के दो दिन बाद 18 फरवरी को युवती किसी तरह आरोपी के फोन से अपनी मां को कॉल करने में सफल हुई। उसने स्थानीय भाषा में पूरी बात बताई ताकि आरोपी समझ न सके। इसके बाद मां ने पुलिस को सूचना दी और युवती को अस्पताल पहुंचाया गया।

पहले उसे गुरुग्राम के सेक्टर-10 सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे बयान के लिए दिल्ली रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बयान देने के योग्य माना और पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *