इटावा। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर सराय भूपत रेलवे स्टेशन के पश्चिमी यार्ड में भोगनीपुर गंग नहर पुल के ऊपर शुक्रवार दोपहर ट्रेन के आगे कूदकर जान देने वाले युवक की शनिवार सुबह पहचान हो गई। शव के कई टुकड़े नहर में बह जाने से शिनाख्त में दिक्कत आई। पुलिस ने परिजनों के डीएनए नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। घटना जसवंतनगर क्षेत्र की है। शुक्रवार दोपहर एक युवक ने पुल के ऊपर से ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शव के कई हिस्से गंग नहर में गिरकर तेज बहाव में बह गए। इससे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। शनिवार सुबह मृतक के भाई शैलेंद्र सिंह ने चप्पल और लोअर के बचे टुकड़ों के आधार पर उसकी पहचान अरविंद कुमार, उम्र करीब 45 वर्ष, पुत्र करण सिंह यादव, निवासी नगला चेतराम के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने परिवार को सूचना दी। 20 तारीख से लापता था अरविंद परिजनों ने बताया कि अरविंद 20 तारीख को घर से बिना बताए निकल गया था। उसके बाद से वह वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अरविंद शादीशुदा था। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी अंशू का रो रोकर बुरा हाल हो गया। दंपति की कोई संतान नहीं थी। गांव में भी शोक का माहौल है और घर पर लोगों का आना जाना लगा है। साबरमती एक्सप्रेस के आगे कूदकर दी जान थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि युवक ने साबरमती एक्सप्रेस के आगे कूदकर आत्महत्या की। प्रारंभिक जांच में उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव के बचे अवशेषों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों के डीएनए नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि पूरी पुष्टि हो सके। घटना के बाद से परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।


