होली को देखते हुए मिलावटखोरों के विरुद्ध अभियान जारी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार को कई दुकानों पर छापा मारा। एक दुकान से लगभग 1 क्विंटल रंगीन कचरी नष्ट कराया गया। इसके साथ ही 1000 रुपये से अधिक मूल्य के केक को भी नष्ट कराया गया। ये दोनों खाद्य पदार्थ स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते थे। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डा. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ मिल सके, इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। होली के दृष्टिगत अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को कचरी बनाने वाली दुकान पर छापा मारा गया। यहां रंगीन कचरी बनाई जा रही थी। प्रथम दृष्टया अधिक रंग मिलने की आशंका पर लगभग एक क्विंटल कचरी नष्ट कर दिया गया। इसे खाने से नुकसान की आशंका है। अलग-अलग दुकानों से 4 नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चारों नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला में भेज दिया है। गुणवत्ता खराब होने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। गौरव कचरी निजामपुर से सेवई, अनुपम सेवई सूरजकुंड से कचरी, एपी. फ्रेश, तारामंडल से बेसन और मिश्री के नमूने ग्रहित किए गए। ब्राउन बेकर, जटेपुर उत्तरी से केक का एक नमूना लिया गया। सहायक आयुक्त, खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि रंगीन कचरी और केक को नष्ट कराया गया। चार प्रतिष्ठानों से पांच नमूने लिए गए हैं। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


