हवा-बारिश से गेहूं की फसल आड़ी, दाना पतला, कीमत घटेगी

हवा-बारिश से गेहूं की फसल आड़ी, दाना पतला, कीमत घटेगी

भास्कर संवाददाता | सीहोर शनिवार को मौसम खुला तेज धूप निकली। लेकिन तेज हवा से खेतों में आड़ी हुई गेहूं की फसल को नुकसान हुआ। इसके दाने पतले रहेंगे। इससे उत्पादन में 10 फीसदी तक नुकसान हो सकता है। जो फसल पक चुकी थी, उसके दानों की चमक फीकी पड़ेगी। ऐसे में दाम प्रति क्विंटल 200 से 300 रुपए तक घट सकते हैं। कई किसानों ने फसल काट दी थी। कई जगह कटाई के लिए तैयार फसल की कटाई अब 5 से 10 दिन लेट होगी। उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। पिछले दो दिन से रात में हल्की बारिश हो रही है। कई जगह ओले भी गिरे। ज्यादा नुकसान उस फसल को हुआ, जो पककर तैयार थी या पकने वाली थी। बारिश के साथ तेज हवा चली। कई खेतों में फसल आड़ी हो गई। अब गेहूं के पौधे खड़े नहीं हो पाएंगे। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ दिन तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। दो दिन तक हल्की बूंदाबांदी की आशंका: शुक्रवार रात जावर, आष्टा, श्यामपुर में बारिश दर्ज हुई। आष्टा में 4 मिमी, जावर में 3 मिमी, श्यामपुर में 2 मिमी बारिश हुई। आरएके कॉलेज स्थित मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन तक ऐसा ही मौसम रह सकता है। कुछ जगह हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। तकीपुर के किसान शिवचरण परमार ने 7.50 एकड़ में गेहूं बोया था। 2 एकड़ की फसल 5 दिन पहले काट ली थी। फसल खेत में पड़ी थी। बारिश में भीग गई। किसान ने बताया, पानी गिरने से गेहूं का दाना सफेद पड़ जाएगा। सही कीमत नहीं मिलेगी। शिवचरण ने कहा, गेहूं की बाली झड़ जाएगी। कम से कम 35 फीसदी से अधिक नुकसान मानकर चल रहे हैं। अभी तक कोई पटवारी देखने नहीं आया। तत्काल सर्वे कराया जाए। जो बीमा राशि के पैसे काटे गए हैं, उससे नुकसान का बीमा दिलाया जाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *