आगरा में फिर पुलिस ने दी थर्ड डिग्री:छात्र को पुलिस चौकी में बुलाकर पीटा, छात्र का हाथ टूटा; दो दरोगा निलंबित

आगरा में फिर पुलिस ने दी थर्ड डिग्री:छात्र को पुलिस चौकी में बुलाकर पीटा, छात्र का हाथ टूटा; दो दरोगा निलंबित

आगरा के किरावली थाना क्षेत्र में पुलिस पर एक बार फिर मारपीट और थर्ड डिग्री देने के गंभीर आरोप लगे हैं। पहले करहरा गांव के राजू पंडित के साथ पूछताछ में पैर तोड़े जाने का मामला चर्चा में रहा था, और अब मिढ़ाकुर पुलिस चौकी में तैनात दो दरोगाओं पर एक नाबालिग छात्र की पिटाई कर उसका हाथ तोड़ने का गंभीर आरोप लगा है। मामले की जानकारी पर प्रारंभिक जांच के बाद दोनों दरोगाओं को निलंबित कर दिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे एफआईआर दर्ज किए जाने की बात कही गई है। किरावली क्षेत्र के नानपुर गांव में 18 फरवरी की शाम दो किशोरों के बीच कहासुनी हो गई थी। पीड़ित छात्र के ताऊ बबलू ने बताया कि उनके 15 वर्षीय भतीजे करन का गांव के ही नाबालिग किशोर कार्तिक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। झगड़े के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायत की थी। उस समय चौकी पुलिस ने फोन पर समझा कर मामला शांत करा दिया था। शुक्रवार को छात्र करन परीक्षा देकर घर लौटा था। तभी चौकी पर तैनात दरोगा अनुराग और इशांत घर पहुंचे और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए चौकी चलने को कहा। आरोप है कि बाद में परिजनों से 10 हजार रुपए की मांग की गई। रुपए न देने पर छात्र को बांधकर पट्‌टे और डंडों से पीटने का आरोप लगाया गया है। शाम को उसे छोड़ा गया, लेकिन रातभर दर्द रहने पर सुबह डॉक्टर को दिखाने पर हाथ में फ्रैक्चर पाया गया। 10वीं की परीक्षा पर संकट
पीड़ित छात्र 10वीं की बोर्ड परीक्षा दे रहा है। हाथ में फ्रैक्चर आने के कारण वह आगामी पेपर नहीं दे पाएगा, जिससे उसका एक साल खराब होने की आशंका है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से छात्र दर्द से परेशान है। डीसीपी ने लिया संज्ञान
परिजन शनिवार को शिकायत लेकर डीसीपी कार्यालय पहुंचे, लेकिन वीआईपी ड्यूटी के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। मीडिया में मामला आने के बाद डीसीपी वेस्ट ने एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह को जांच सौंपी। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोनों दरोगाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। डीसीपी आदित्य कुमार ने कहा कि छात्र का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। पिटाई की पुष्टि होने पर परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। राजू की अभी तक नहीं हुई FIR
किरावली थाने में हत्या के मामले में किसान राजू को थर्ड डिग्री दी गई थी। उसके दोनों पैर तोड़ दिए गए थे। इस मामले में अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *