MP News: मध्य प्रदेश के दतिया जिले के सेवढ़ा में सिंध नदी पर नए पुल का लोकार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने जैसे ही रतनगढ़ सिंचाई परियोजना का जिक्र हुआ, किसानों के चेहरों पर उम्मीद साफ झलकने लगी। करीब सवा दो हजार करोड़ रुपए की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का अडंगा खत्म कर उसे धरातल पर उतारने की घोषणा की।
सीएम मोहन यादव ने बताया कि इस परियोजना के जरिए 40 हजार से अधिक किसानों को सिंचाई सुविधा मिलने का रास्ता साफ होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री यादव ने 122 गांवों की नल-जल योजनाओं का लोकार्पण कर पेयजल व्यवस्था को भी मजबूती दी। इसी क्रम में उन्होंने दतिया जिले के बसई में 40 करोड़ रुपए की लागत से बने जिले के पहले सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण भी किया।
ट्रेनिंग और रिसर्च इंस्टिट्यूट का किया उद्घाटन
उक्त विद्यालय में 1500 से अधिक विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और खेल सुविधाएं मिलेंगी। इधर दतिया विकासखंड के बड़ौनी में मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट शुरू किया किया। समारोह को मुख्यमंत्री के अलावा सांसद संध्या राय एवं विधायक सेवढ़ा प्रदीप अग्रवाल ने भी संबोधित किया। मंच पर भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि धीरू दांगी नगर परिषद अध्यक्ष आशा गोविंद नागिल मंचासीन रहे।
डेढ़ घंटा विलंब से हुआ लोकार्पण समारोह
सेवढ़ा में लोकार्पण समारोह दोपहर 1:10 बजे शुरू होना तय किया गया था। लेकिन सीएम यादव विलंब से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, ऐसे में समारोह डेढ़ घंटे विलंब से 2:40 बजे शुरू हो पाया। मुख्यमंत्री दतिया हवाई सेंवढ़ा पहुंचे।
जिलाध्यक्ष ने सौपा मांग पत्र
भारतीय जनता पार्टी जिला दतिया के जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह ने लोकार्पण कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री को सेवढ़ा क्षेत्र के विकास को ध्यान में रख 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। जिलाध्यक्ष ने मांग पत्र में घरेटा ग्राम पिछड़ा वर्ग आरक्षण पर लगे 13 प्रतिशत होल्ड को हटाने, सनकुआ धाम पर लोक निर्माण कार्य कराने, मां रतनगढ़ बहुद्देशीय परियोजना का बांध निर्माण किए जाने भगुवापुर में कन्या हाई स्कूल एवं स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना कराने, दतिया सेवढा मार्ग का चौड़ीकरण खोले जाने, सेंवढ़ा व इंदरगढ़ में खेल मैदान व इंडोर स्टेडियम बनवाने एवं इंदरगढ़ में बायपास मार्ग का निर्माण कराने की मांग प्रमुख रूप से रखी।
सेंवढ़ा क्षेत्र के लिए ये घोषणाएं कर गए मुख्यमंत्री
संवढ़ा में आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने क्षेत्र मैं 475 करोड़ रुपए लागत की नई सडक का निर्माण कराने के अलावा इंदरगढ़ में बस स्टैंड, सेवढ़ा में इंडोर स्टेडियम और 8.5 किलोमीटर लंबे बायपास निर्माण की घोषणा ने क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई दिशा देने का संदेश दिया। संवढा नगर परिषद को उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों के लिए पांच करोड़ रुपए देने की घोषणा की। इतना ही नहीं स्कूलों में निःशुल्क दूध वितरण की घोषणा पर भी कार्यक्रम स्थल पर उत्साह देखा गया। सेवढ़ा का यह आयोजन सिर्फ लोकार्पण और भूमिपूजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि दतिया अब अधोसंरचना, सिंचाई और शिक्षा के क्षेत्र में तेज रफ्तार से आगे बढ़ने को तैयार है। (MP News)


