Video News: जन्मदिन की पार्टी में कहासुनी के दौरान ऑटो चालक की हत्या

Video News: जन्मदिन की पार्टी में कहासुनी के दौरान ऑटो चालक की हत्या

Ahmedabad. जिले के कणभा थाना क्षेत्र के बिलासिया गांव तालाब से 17 फरवरी को एक व्यक्ति का शव मिलने की गुत्थी को स्थानीय पुलिस ने लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) के साथ मिलकर सुलझाने में सफलता पाई है। मृतक की पहचान ऑटो चालक कठवाडा टेबली गांव निवासी अरविंद राठौड़ के रूप में हुई। इस मामले में एक नाबालिग सहित तीन लोगों को पकड़ा है। दो आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार किया है।

कणभा थाने के पीआई ए.जे.चौधरी ने शनिवार को बताया कि पकड़े गए आरोपियों में राजस्थान के बांसवाड़ा जिले की आनंदपुरी तहसील के अमला गांव निवासी विपुल पारगी, एवं एक किशोर तथा एलसीबी की ओर से पकड़ा गया मुख्य आरोपी चंदूलाल पटेल (22) शामिल हैं। चंदूलाल भी राजस्थान के बांसवाड़ा जिले की आनंदपुरी तहसील के डोकर गांव आनंद फळियु का रहने वाला है। यह फिलहाल दस्क्रोई तहसील के बिलासिया गांव के पास एक कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करते थे।मृतक की शिनाख्त ऑटो चालक अरविंद राठौड़ के रूप में हुई। उसके सिर व अन्य हिस्सों पर ठोस पदार्थ के निशान थे। घटनास्थल के आसपास से ऑटो रिक्शा नहीं मिला। उसके ऑटो के नंबर के आधार पर त्रिनेत्रम कंट्रोलरूम की मदद से जांच करने पर ऑटो रिक्शा लूणावाडा में ट्रेस हुई। ऐसे में एलसीबी की टीम की मदद से आरोपियों को पकड़ लिया।

चंदू की जन्मदिन पार्टी में हुई थी कहासुनी

चौधरी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया कि 15 फरवरी चंदूलाल की जन्मदिन पार्टी थी। ऐसे में वह विपुल और उसके एक अन्य नाबालिग के साथ मिलकर अहमदाबाद के नरोडा इलाके से शराब लेने पहुंचे थे। वहां से उन्होंने शराब की बोतल और अन्य नाश्ता लिया। उसके बाद यह सभी बिलासिया गांव पहुंचे और पार्टी की। चंदू की जन्मदिन पार्टी में ऑटो चालक अरविंद राठौड़ भी शामिल हो गया। शराब पीने के दौरान पार्टी करते समय अरविंद ने कुछ अपशब्द कहे, जिसके चलते चंदूलाल व उसके साथियों ने उस के सिर पर ईंट से वार कर, हाथ, पैरों से पिटाई कर हत्या कर दी। फिर शव को बिलासिया गांव के पास ही तालाब में फेंककर अरविंद के ही ऑटो रिक्शा में राजस्थान की ओर फरार हो गए। त्रिनेत्रम की मदद से ऑटो का सुराग लगने और आरोपियों के चेहरे कैद होने के चलते इन्हें चिन्हित कर पकड़ लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *