Ahmedabad. शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने वालों का कहर थम नहीं रहा है। ऐसी ही एक और घटना शनिवार सुबह सरखेज-जुहापुरा रोड पर रॉयल अकबर टावर के सामने हुई। इसमें डंपर के चालक ने दुपहिया वाहन को टक्कर मार दी। इस घटना में दुपहिया वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एम डिवीजन ट्रैफिक पुलिस ने आरोपी डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। डंपर कब्जे में लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की है।
एम डिवीजन पीआई यू. बी.धाबड़ा ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना शनिवार सुबह करीब सात बजे हुई। फतेवाडी गोल्ड कॉइन अपार्टमेंट निवासी मुस्तकीम शेख (22) दुपहिया वाहन लेकर रॉयल अकबर टावर के पास से गुजर रहा था।
आरोपी डंपर चालक को लिया हिरासत में
इसी दौरान यहां डंपर के चालक जयंतीभाई रावल ने उसके दुपहिया वाहन को टक्कर मार दी। इस घटना में मुस्तकीम की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी डंपर चालक दाहोद जिले की फतेपुरा तहसील के इटा गांव निवासी जयंती रावल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उसके डंपर को भी जब्त कर लिया है।


