Bundi : कृषि उपज मंडी में जिंसों की होने लगी आवक, बढ़ी रौनक

Bundi : कृषि उपज मंडी में जिंसों की होने लगी आवक, बढ़ी रौनक

कापरेन. स्थानीय कृषि उपज मंडी में नई सरसों सहित अन्य जिंसों की आवक होने से रौनक बढ़ने लगी है। मंडी में किसान नई सरसों लेकर पहुंच रहे हैं।किसान मंडी समिति द्वारा उपलब्ध करवाई गई सरसों में नमी व तेल की जांच मशीन पर उपज का सेम्पल करवाने और तेल की मात्रा को जांच करवाने के बाद नीलामी बोली में बेच रहे हैं, जिससे किसानों को उचित दाम मिल रहे हैं। वहीं मंडी में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था गड़बड़ाने पर कई बार मशीन में जांच नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने मंडी में विद्युत आपूर्ति सुचारू करवाने, बन्द पड़े सीसीटीवी कैमरे चालू करवाने सहित अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की है।

किसानों ने बताया कि मंडी परिसर में नीलामी यार्ड के पीछे की बिजली व्यवस्था बिगड़ी हुई है, जिससे रात को अंधेरा रहता है। वहीं मंडी प्रशासन द्वारा निगरानी के लिए मंडी परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमे से अधिकांश कैमरे बन्द होने से निगरानी प्रभावित हो रही है। मंडी कार्यालय पर लगी पानी की मोटर खराब होने से पेयजल सहित साफ सफाई की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जिसके चलते यहां नियुक्त कर्मचारियों एवं आने वाले किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।मंडी प्रशासन द्वारा पेयजल के लिए आर ओ के पानी की व्यवस्था करवाई हुई है। लेकिन अन्य कार्यो के लिए मोटर के पानी को जरूरत होती है।किसानों ने जल्द पानी की मोटर ठीक करवाने की मांग की है।

मंडी कैंटीन का नहीं हुआ टेंडर
किसानों ने बताया कि मंडी प्रशासन द्वारा संचालित कैंटीन टेंडर खत्म हो जाने से मंडी परिसर में संचालित कैंटीन का सुचारू संचालन नही हो रहा है। उपज लेकर आने वाले किसानों को चाय, नाश्ते के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। किसानों ने मंडी प्रशासन से जल्द टेंडर करवाकर कैंटीन शुरू करवाने की मांग की है।

मंडी में सीसीटीवी कैमरे की केबल गिलहरी काट देती है, जिससे कैमरे बन्द हो जाते हैं। इसका स्थाई समाधन करवाया जाएगा। पानी की मोटर जल्द ठीक करवाई जाएगी और समर्थन मूल्य खरीद शुरू होने से पहले सभी व्यवस्था सुचारू करवाई जाएगी।किसानों की हर समस्या का समाधान होगा।
सुरेश कुमार शर्मा, मंडी सचिव, कापरेन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *